हरियाणा में गैस सिलेंडर के पाइप में धमाका, घर की दीवारें गिरीं, युवक गंभीर झुलसा।
अंबाला के केसरी क्षेत्र में गैस सिलेंडर के पाइप में विस्फोट से घर की दीवारें गिर गईं। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे चंडीगढ़ रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंबाला में गैस सिलेंडर के पाइप फटने से जोरदार धमाका, घर की दीवारें ढहीं
हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलसा, प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर
पुलिस ने गैस रिसाव की आशंका जताई, मामले की जांच शुरू
अंबाला जिले के रेलवे स्टेशन केसरी के पास मंगलवार को एक घर में गैस सिलेंडर के पाइप में विस्फोट होने से भीषण हादसा हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि घर की पक्की दीवारें भरभराकर गिर गईं और दरवाजे दूर जा गिरे। हादसे में घर के अंदर मौजूद दीपक कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब दीपक दोपहर में खाना खाने के लिए घर पहुंचे थे। उन्होंने रसोई में खाना गर्म करने के लिए जैसे ही माचिस जलाई, पहले से लीक होकर कमरे में फैली गैस ने आग पकड़ ली। इसके बाद गैस सिलेंडर के पाइप में तेज धमाका हुआ और पूरा कमरा मलबे में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि कंक्रीट की मजबूत दीवारें भी ताश के पत्तों की तरह ढह गईं। लोहे और लकड़ी के दरवाजे उखड़कर दूर जा गिरे। आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने मलबे और धुएं के बीच फंसे दीपक कुमार को बाहर निकाला और तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
घायल युवक के पिता पवन सिंह ने बताया कि हादसे के समय घर में केवल वह और उनका बेटा मौजूद थे। दीपक की मां दवाई लेने डॉक्टर के पास गई हुई थीं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि "सब कुछ पल भर में उजड़ गया।"
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह गैस रिसाव मानी जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गैस लीकेज के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि रसोई में गैस रिसाव की आशंका हो तो माचिस, लाइटर या किसी भी बिजली के स्विच का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। सबसे पहले दरवाजे और खिड़कियां खोलकर गैस को बाहर निकलने देना चाहिए और गैस सप्लाई बंद कर देनी चाहिए।
pooja