हरियाणा में मचा बवाल: घर में खाया जा रहा था गाय का मास, पुलिस ने 15 लोगों को हिरासत में लिया
भिवानी जिले के सिवानी में एक मकान में बीफ पकाने और खाने की सूचना पर हंगामा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने 15 लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और मकान पर फोर्स तैनात की।
➤ मकान में बीफ पकाने-खाने की सूचना पर बवाल
➤ सिवानी पुलिस ने मौके से 15 लोगों को हिरासत में लिया
➤ मकान के बाहर भारी भीड़, पुलिस ने शांति से हालात संभाले
भिवानी जिले के सिवानी में वीरवार रात को वार्ड नंबर 9 स्थित एक मकान में बीफ (गाय का मांस) पकाने और खाने की सूचना पर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। जैसे ही इलाके में यह खबर फैली, वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उग्रसेन बिश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मकान में मौजूद करीब 15 लोगों को हिरासत में लिया और तीन अलग-अलग गाड़ियों में बैठाकर सुरक्षित रूप से सिवानी थाने पहुंचाया। बताया गया कि ये लोग बिहार से आकर इस मकान में रह रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्हें लंबे समय से संदेह था कि इस मकान में गाय का मांस पकाया और खाया जाता है। वीरवार रात करीब 9 बजे जब कुछ लोग मकान में पहुंचे तो उन्होंने वहां खाना पकते देखा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और हाथापाई की नौबत आ गई। देखते ही देखते पूरे इलाके में यह बात फैल गई और मकान को सैकड़ों लोगों ने घेर लिया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संयम और शांति के साथ हालात को काबू में किया। थाना प्रभारी बिश्नोई ने मौके पर भीड़ को समझाया कि यदि किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती तो यह पूरे शहर के लिए समस्या बन सकती थी। आखिरकार पुलिस ने भीड़ को शांत कर मकान में मौजूद सभी लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।
करीब ढाई घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने मकान पर एहतियातन फोर्स तैनात कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि हालात गंभीर थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने प्रशासन का सहयोग किया, जिसकी वजह से मामला शांतिपूर्वक निपट गया।