ब्रह्मसरोवर पर पहली बार पीएम मोदी करेंगे महाआरती , 125 एकड़ में तैयार भव्य समागम, 20 गेट और कड़ी सुरक्षा
PM मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समागम में शामिल होंगे। ब्रह्मसरोवर पर महाआरती करेंगे और अनुभव केंद्र का इनोग्रेशन करेंगे।
-
PM मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर पहुंचेंगे
-
श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
-
ज्योतिसर अनुभव केंद्र और पंचजन्य शंख का करेंगे इनोग्रेशन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर पहुंचेंगे। यहां वे श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित भव्य समागम में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी ज्योतिसर अनुभव केंद्र और पंचजन्य शंख का इनोग्रेशन भी करेंगे। कार्यक्रम में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने की संभावना है। तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
समागम स्थल को लगभग 125 एकड़ क्षेत्र में बनाया गया है। मुख्य मंच को 25 एकड़ में तैयार किया गया है, जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब विराजमान होंगे। मंच के एक ओर 350 बच्चियां कीर्तन करेंगी, जबकि दूसरी तरफ पीएम मोदी समेत प्रमुख नेता नीचे बैठेंगे। इस मंच और मुख्य पंडाल में किसी के लिए भी कुर्सी की व्यवस्था नहीं की गई है और सभी को जमीन पर बैठना होगा।
मुख्य पंडाल के पास दो बड़े जोड़ा घर बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को अपने जूते-चप्पल जमा कराने होंगे। हर जोड़ा घर में 5 हजार जोड़े रखने की क्षमता है। इसके साथ ही दो बड़े टेंपरेरी लंगर हॉल तैयार किए जा रहे हैं, जिनकी क्षमता लगभग 10-10 एकड़ है। यहां सुबह से शाम तक गुरु का लंगर चलेगा और पीएम मोदी भी लंगर प्रसाद ग्रहण करेंगे।
मुख्य पंडाल के पास ही सिख इतिहास और गुरुओं की परंपरा को दर्शाती हुई एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें श्री गुरु तेग बहादुर जी की जीवनी, शिक्षाएं और समाज के लिए किए गए योगदान को दर्शाया जाएगा। पीएम मोदी इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
कार्यक्रम में आने वाली संगत के लिए 20 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विशाल पार्किंग बनाई गई है। इसके अलावा VIP और VVIP पार्किंग अलग रहेगी। श्रद्धालुओं की एंट्री के लिए 20 गेट बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी शाम 4 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। सबसे पहले वे श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे नमन करेंगे। लगभग 50 मिनट बाद वे ज्योतिसर अनुभव केंद्र पहुंचकर इसे जनता को समर्पित करेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे पीएम मोदी ब्रह्मसरोवर पर महाआरती में हिस्सा लेंगे। पहली बार कोई प्रधानमंत्री ब्रह्मसरोवर और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) में शिरकत करेगा।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर में ड्रोन और ग्लाइडर उड़ाने पर पूरी पाबंदी लगा दी है। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
Author1