रोडवेज बस में सवारी को धमकाने वाला कंडक्टर सस्पेंड
फतेहाबाद रोडवेज बस में कंडक्टर पर किराया लेने के बाद टिकट न देने का आरोप लगा। यात्री ने वीडियो बनाकर मामला उजागर किया। डिपो प्रबंधन ने कंडक्टर को सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
➤ फतेहाबाद में रोडवेज बस कंडक्टर पर टिकट न देने का आरोप, यात्री से हुई बहस
➤ यात्री ने वीडियो बनाया, कंडक्टर ने कहा- "जो बिगाड़ना है बिगाड़ लो"
➤ डिपो प्रबंधन ने कंडक्टर को सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू की
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में रविवार को रोडवेज बस में टिकट को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मामला राजस्थान के नोहर से फतेहाबाद आ रही रोडवेज बस का है। आरोप है कि कंडक्टर ने किराया तो ले लिया, लेकिन यात्री को टिकट नहीं दिया और इसके बाद हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ गया।
जानकारी के अनुसार, भट्टू गांव का निवासी राकेश कुमार इस बस में सवार हुआ और उसे गांव ढींगसरा उतरना था। उसने कंडक्टर कमलदीप को 10 रुपए किराया दिया। पहले कंडक्टर ने टिकट देने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वह ड्राइवर के पास जाकर बैठ गया। राकेश ने तीन बार टिकट मांगी, लेकिन उसे नहीं दी गई। जब उसने विरोध जताया तो कंडक्टर ने कहा कि "कोई बात नहीं बैठ जाओ" और फिर तैश में आकर टिकट देने से साफ इनकार कर दिया।
इस बीच युवक ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में कंडक्टर कहता दिखाई दे रहा है कि "टिकट नहीं दूंगा, जितना वीडियो बनाना है बना लो।" यहां तक कि उसने दूसरी सवारी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि "इसे भी टिकट नहीं दे रहा, कर लेना जो करना हो।" उसने यात्री को वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश भी की और धमकाने वाले लहजे में कहा- "मेरे से बहस मत कर, जो बिगाड़ना है बिगाड़ ले।"
वीडियो सामने आने के बाद फतेहाबाद के ट्रैफिक मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने कंडक्टर कमलदीप को सस्पेंड कर दिया है।
युवक का कहना था कि बिना टिकट यात्रा करने पर फ्लाइंग टीम 500 रुपए का जुर्माना लगाती है, जबकि उसने पूरा किराया अदा किया था। बस में मौजूद अन्य यात्री भी इस घटना के गवाह बने।
वीडियो सामने आने के बाद फतेहाबाद डिपो के संस्थान प्रबंधक सुभाष ढांड ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि संबंधित कंडक्टर का वीडियो अधिकारियों को भेजा गया है और उसके खिलाफ सस्पेंशन की फाइल तैयार कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।