यमुनानगर में 25 वर्षीय विवाहिता का शव नहर से बरामद, 6 माह की थी गर्भवती
यमुनानगर में 25 वर्षीय गर्भवती विवाहिता का शव नहर से बरामद होने के बाद मामला चर्चा में है। मायके पक्ष ने प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
■ यमुनानगर में 25 वर्षीय विवाहिता का शव नहर से बरामद, 6 माह की थी गर्भवती
■ मृतका ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा की थी
■ मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के यमुनानगर में एक 25 वर्षीय विवाहिता की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मृतका की पहचान शिवानी के रूप में हुई है, जो रतनपुरा गांव की रहने वाली थी। वह छह माह की गर्भवती बताई जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, शिवानी घर से निकली और बाद में नहर के पास पहुंची। काफी देर तक वहां रहने के बाद वह पानी में चली गई। जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में नहर क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया गया और उसका शव बरामद कर लिया गया।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ी चर्चा
घटना के बाद शिवानी के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई एक भावुक पोस्ट भी चर्चा का विषय बनी हुई है। पोस्ट में उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर गहरी निराशा और दुख व्यक्त किया था।
इस पोस्ट के सामने आने के बाद मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी माना जा रहा है।
इंटरकास्ट लव मैरिज के बाद शुरू हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार, शिवानी ने 8 फरवरी 2025 को मनीष कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों अलग-अलग जातियों से संबंध रखते थे, जिसके कारण विवाह के बाद विवाद की स्थिति भी बनी थी।
मामला पुलिस थाने तक पहुंचा था और कुछ समय तक शिवानी मायके में रही थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और मंदिर में दोबारा वैवाहिक रस्में भी संपन्न कराई गई थीं।
मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
मृतका के पिता तेजपाल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी उन्हें बताती थी कि ससुराल में उसे परेशान किया जाता था। परिवार का कहना है कि विवाह के बाद से उसे कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
हालांकि इन आरोपों को लेकर अभी पुलिस जांच कर रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
ससुराल पक्ष ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी ओर, शिवानी की सास बीमला का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं था। उनके अनुसार, जिस दिन घटना हुई, वह बाजार गई हुई थीं और घर लौटने पर शिवानी घर पर नहीं मिली।
इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और नहर क्षेत्र में सूचना मिलने पर खोज अभियान चलाया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मायके और ससुराल पक्ष दोनों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
pooja