➤ वॉशिंगटन में डिनर के दौरान फायरिंग, ट्रम्प समेत सभी बड़े नेता मौजूद
➤ हमलावर गिरफ्तार, 7 राउंड फायरिंग से मची अफरा-तफरी
➤ सीक्रेट सर्विस की तेजी से कार्रवाई, सभी सुरक्षित
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में शनिवार शाम आयोजित प्रतिष्ठित व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान अचानक फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और पत्रकार मौजूद थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर गोलीबारी की। उस समय राष्ट्रपति और सभी गेस्ट बॉलरूम के अंदर मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया और पूरे परिसर को सील कर दिया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बाद में जानकारी दी कि हमलावर को जिंदा पकड़ लिया गया है। शुरुआती खबरों में उसे मार गिराने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में गिरफ्तारी की पुष्टि हुई। ट्रम्प ने कहा कि यह हमला अमेरिकी संविधान पर हमला है और सुरक्षा एजेंसियों ने बहादुरी से काम किया।
फायरिंग के दौरान मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि करीब 7 राउंड गोलियां चलाई गईं। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनते ही गेस्ट और पत्रकारों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल और कुर्सियों के नीचे छिप गए। कुछ ही मिनटों में सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने पूरे हॉल को घेर लिया और राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना में एक सुरक्षा अधिकारी को गोली लगी, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। किसी भी वीआईपी को नुकसान नहीं पहुंचा है। हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल थोमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह उसी होटल में ठहरा हुआ था, जहां यह कार्यक्रम चल रहा था। उसके पास से शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू बरामद किए गए हैं। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर फेडरल अधिकारियों पर हमले और हथियार के इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।
इस घटना पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए राहत जताई कि सभी नेता सुरक्षित हैं और कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होती।
यह रहे मौजूद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए थे। सुरक्षाकर्मी हथियारों के साथ अंदर दौड़ते हुए पहुंचे और हर दिशा में मोर्चा संभाल लिया। कुछ देर बाद स्थिति नियंत्रण में आने पर कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की घोषणा भी की गई।
गौरतलब है कि यह वही कार्यक्रम है जिसमें राष्ट्रपति मीडिया और राजनीतिक माहौल पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी करते हैं। यह घटना ऐसे समय हुई है जब पहले भी 2024 में चुनावी रैली के दौरान ट्रम्प पर हमला हो चुका है, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल एक बार फिर उठने लगे हैं।