अब श्रीराम मंदिर के दर्शन पानीपत में—वर्चुअल सेवा शुरू, 120 लोग रोज़ कर सकेंगे दर्शन

पानीपत में श्रीराम मंदिर अयोध्या के वर्चुअल दर्शन कार्यक्रम की शुरुआत। 120 श्रद्धालु प्रतिदिन 12 मिनट की डिजिटल यात्रा में भव्य मंदिर का दर्शन कर सकेंगे। 1992 कारसेवकों ने संघर्ष की यादें साझा कीं।

अब श्रीराम मंदिर के दर्शन पानीपत में—वर्चुअल सेवा शुरू, 120 लोग रोज़ कर सकेंगे दर्शन
  • अब अयोध्या जैसा अनुभव पानीपत में—श्रीराम मंदिर के वर्चुअल दर्शन शुरू
  • बुजुर्गों, महिलाओं और असहाय श्रद्धालुओं को मिलेगा बड़ा लाभ
  • बाबरी विध्वंस की 33वीं बरसी पर कारसेवकों ने 1992 का संघर्ष याद किया

शहरी विधायक प्रमोद विज ने अपने कार्यालय में आज इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि जो भक्त दूरी, बीमारी या उम्र की वजह से अयोध्या नहीं जा पाते, उन्हें अब यहीं से मंदिर का भव्य दर्शन कराया जाएगा। यह व्यवस्था पूरी तरह निशुल्क, फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व आधार पर उपलब्ध रहेगी।

विज ने बताया कि 12 मिनट की वर्चुअल यात्रा में भक्त राम मंदिर का पूर्ण बाहरी दृश्य, राम दरबार, गर्भगृह के दर्शन, निर्माण की प्रगति और परिसर का लाइव अनुभव देख सकेंगे। पाँच स्क्रीन सेटअप लगाए गए हैं, जिसमें प्रति घंटे लगभग 20 श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए जाएंगे।
कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा और रोज़ लगभग 120 लोग इसका लाभ ले सकेंगे।

विधायक प्रमोद विज ने कहा: “भव्य मंदिर का निर्माण करोड़ों राम भक्तों की आस्था और लंबे संघर्ष का परिणाम है। अयोध्या जाकर दर्शन करने का सौभाग्य मिला, और इच्छा हुई कि यह अनुभव पानीपत के हर व्यक्ति तक पहुँचे।”

कार्यक्रम के दौरान बाबरी विध्वंस की 33वीं बरसी पर 1992 में अयोध्या जाने वाले पानीपत के कारसेवकों ने उस समय की परिस्थितियाँ याद कीं।
कारसेवकों ने बताया कि 6 दिसंबर 1992 को पानीपत से 400 कारसेवक रवाना हुए, लेकिन रास्ते में कई स्थानों पर लाठीचार्ज, बस-रेल बंद, कर्फ़्यू जैसी स्थिति और पुलिस रोक का सामना करना पड़ा। कई कारसेवक अयोध्या पहुँच गए, जबकि कई को बीच रास्ते से लौटा दिया गया।