जेल से सुकेश का जैकलीन को प्रेम पत्र, “तुमसे पागलों की तरह प्यार”

मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को प्रेम पत्र लिखा है। मामले में अगली सुनवाई 8 मई को होगी।

जेल से सुकेश का जैकलीन को प्रेम पत्र, “तुमसे पागलों की तरह प्यार”
  • जेल से सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन को फिर लिखा प्रेम पत्र
  • “तुमसे पागलों की तरह प्यार करता हूं”, भावनाओं का खुला इजहार
  • मनी लॉन्ड्रिंग केस की सुनवाई के बीच आया पत्र, 8 मई को अगली तारीख

200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने एक बार फिर बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को पत्र लिखकर अपने प्रेम का इजहार किया है। यह पत्र ऐसे समय सामने आया है जब मामले में अदालत में सुनवाई चल रही है।

पत्र में सुकेश ने बेहद भावुक अंदाज में लिखा, “प्यार और जंग में सब जायज है।” उन्होंने जैकलीन को “मेरी जैकी” और “बेबी बोट्टा बोम्मा” कहकर संबोधित किया। साथ ही लिखा कि “तुम मेरी हो, मैं हमेशा तुम्हारा हूं और हर हाल में तुम्हारे साथ खड़ा रहूंगा।”

सुकेश ने अपने पत्र में आगे लिखा कि वह जैकलीन से “पागलों की तरह प्यार” करता है और उनकी याद उसे लगातार आती रहती है। पत्र के अंत में उसने खुद को “आपका बेबी बॉय” बताते हुए साइन किया।

गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर पहले भी कई बार जैकलीन फर्नांडिस को पत्र लिख चुका है, जिनमें वह अपने रिश्ते और समर्थन की बात करता रहा है।

इस पूरे मामले का संबंध 200 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग केस से है, जिसमें सुकेश फिलहाल जेल में बंद है। वहीं, जैकलीन फर्नांडिस ने इस मामले में सरकारी गवाह (अप्रूवर) बनने के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की है।

दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में इस अर्जी पर सुनवाई फिलहाल टल गई है और अब अगली सुनवाई 8 मई को होगी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोर्ट से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा है और जैकलीन की अर्जी का विरोध भी किया है।

सुनवाई के दौरान ED ने अदालत में कहा कि अभिनेत्री की ओर से दायर अर्जी आधारहीन है और इस पर विस्तृत जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत है। अदालत ने एजेंसी की इस मांग को स्वीकार कर लिया है।