महिला की बहादुरी से पकड़े गए लुटेरे, भागते समय बाइक बंद हुई और...
सोनीपत में महिला की आंखों में मिर्ची डालकर लूट की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को लोगों ने पकड़ लिया। भागते समय बाइक स्टार्ट नहीं हुई और दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
➤ महिला की आंखों में मिर्ची डालकर लूट की कोशिश करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
➤ भागने लगे तो बाइक स्टार्ट नहीं हुई, लोगों ने घेरकर दबोचा
➤ दोनों आरोपियों को खंभे से बांधकर पुलिस के हवाले किया गया
हरियाणा के सोनीपत में एक महिला की बहादुरी और लोगों की सतर्कता के चलते लूट की बड़ी वारदात टल गई। मंदिर से घर लौट रही महिला की आंखों में मिर्ची डालकर लूटपाट की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। बाद में दोनों को बिजली के खंभे से बांध दिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला मंदिर में पूजा करने के बाद अपने घर लौट रही थी। जब वह रावल अस्पताल के पास सिटी इंडस्ट्रियल एरिया से गुजर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे।
आरोप है कि युवकों ने महिला की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया और उसका बैग छीनने की कोशिश की। अचानक हुए हमले से महिला घबरा जरूर गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान सैर कर रहे प्रवीण नामक युवक ने भी महिला की मदद करने की कोशिश की। प्रवीण के अनुसार जब उसने बीच-बचाव किया तो एक आरोपी ने चाकू निकालकर उसे डराने का प्रयास किया।
स्थिति बिगड़ती देख दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर भागने लगे, लेकिन उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया। मौके पर उनकी बाइक स्टार्ट नहीं हो सकी। इसी बीच लोगों की भीड़ बढ़ती गई और दोनों को चारों तरफ से घेर लिया गया।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने दोनों युवकों को रस्सी से बिजली के खंभे से बांध दिया। इस दौरान कई लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी बिना नंबर प्लेट लगी बाइक पर आए थे। उनके पास चाकू भी था। लोगों का कहना है कि दोनों पूरी तैयारी के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे, लेकिन महिला की बहादुरी और बाइक खराब होने के कारण उनका प्लान फेल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल उर्फ लीला निवासी गांव खांडा, खरखौदा और आशीष उर्फ आशु निवासी गांव सेहरी के रूप में हुई है।
पुलिस पीआरओ रविंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अनिल उर्फ लीला पर पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत करीब 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। वहीं दूसरा आरोपी आशीष भी एक हत्या के मामले में नामजद रह चुका है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपना "शौक पूरा करना चाहते थे", इसलिए लूटपाट की वारदात को अंजाम देने निकले थे। हालांकि पुलिस इस मामले में दोनों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
Akhil Mahajan