बोलेरो ने मासूम को कुचला,सवा दो साल के बच्चे की मौ*त, चालक फरार
सोनीपत के बढ़मलिक में घर के बाहर खेल रहे सवा दो साल के ओम को बोलेरो ने कुचल दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस ने केस दर्ज किया।
सोनीपत के बढ़मलिक की जगबीर कॉलोनी में घर के बाहर खेल रहा था सवा दो साल का ओम
➤ बोलेरो पीछे करते समय चालक ने मासूम को कुचला, परिजन चिल्लाते रहे लेकिन नहीं रोकी गाड़ी
➤ अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित किया, पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज किया
सोनीपत के बढ़मलिक की जगबीर कॉलोनी में घर के बाहर खेल रहे सवा दो साल के मासूम बच्चे की बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई। आरोप है कि चालक गाड़ी को तेज गति से पीछे कर रहा था। इसी दौरान उसने बच्चे को कुचल दिया। हादसे के समय परिजन चालक को गाड़ी रोकने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन वह नहीं रुका और वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना 17 नवंबर की शाम की है। हादसे के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल बच्चे को लेकर सरकारी अस्पताल सोनीपत पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पिता की शिकायत पर थाना राई पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर के बाहर खेल रहा था सवा दो साल का ओम
पुलिस को दी शिकायत में बच्चे के पिता शुभम ने बताया कि वह मूल रूप से गांव कनवाखेड़ा, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ बढ़मलिक की जगबीर कॉलोनी में रहता है। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा ओम करीब सवा दो साल का था।
शुभम के अनुसार, 17 नवंबर की शाम को ओम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बोलेरो गाड़ी नंबर HR69D9126 का चालक आलोक गाड़ी को तेज गति से पीछे करने लगा। आरोप है कि लापरवाही से गाड़ी पीछे करते समय उसने मासूम को कुचल दिया।
परिजन गाड़ी रोकने के लिए चिल्लाते रहे, चालक नहीं रुका
शिकायत के मुताबिक, बोलेरो चालक आलोक पुत्र महेंद्र निवासी चौखड़िया, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) ने गाड़ी पीछे करते समय लापरवाही बरती। परिजनों ने उसे रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं सुनी। वह बच्चे को कुचलने के बाद गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल ओम को तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सोनीपत लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने ओम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर एएसआई राजकुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक बच्चे के परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए।
पिता की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
बच्चे के पिता शुभम ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बोलेरो चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर थाना राई पुलिस ने 18 नवंबर को आरोपी चालक आलोक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई राजकुमार कर रहे हैं।
Akhil Mahajan