सोनीपत मिनी सचिवालय में युवक ने पीया कीटनाशक
सोनीपत मिनी सचिवालय में जिंदल यूनिवर्सिटी के सफाई कर्मी ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस PCR से अस्पताल पहुंचाया गया, हालत गंभीर बनी हुई है।
- मिनी सचिवालय में युवक ने कीटनाशक पीकर की आत्महत्या की कोशिश
- पुलिस PCR से अस्पताल पहुंचाया, हालत गंभीर
- जिंदल यूनिवर्सिटी में सफाई कर्मी, पारिवारिक विवाद से तनाव
सोनीपत के मिनी सचिवालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने सार्वजनिक स्थान पर जहरीला कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की कोशिश कर ली। युवक किसी मामले में शिकायत देने के लिए मिनी सचिवालय पहुंचा था, लेकिन मौके से कोई लिखित शिकायत बरामद नहीं हुई।
घटना मिनी सचिवालय के मुख्य गेट की है। जानकारी के अनुसार राठधाना गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश ने अचानक फसल में इस्तेमाल होने वाला जहरीला कीटनाशक पी लिया। जहरीला पदार्थ पीते ही उसकी हालत बिगड़ गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राजेश को पुलिस PCR गाड़ी से तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल राजेश की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
बताया गया है कि राजेश ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में सफाई कर्मी के तौर पर कार्यरत है। जहरीला पदार्थ पीने के बाद उसकी तबीयत तेजी से खराब होती चली गई, जिसके चलते उसे बिना देरी किए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राजेश ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी मुस्लिम महिला हलीमा से हुई है। कुछ दिन पहले उनका मुंहबोला दामाद लापता हो गया था, जिसकी बाद में लाश बरामद हुई। इस मामले में बहालगढ़ थाना पुलिस उसकी पत्नी हलीमा और एक अन्य लड़की से पूछताछ कर रही है।
राजेश का आरोप है कि पुलिस उसके परिवार पर बेवजह शक कर रही है। इसी मानसिक तनाव में वह अपनी शिकायत लेकर मिनी सचिवालय पहुंचा था। जहरीला पदार्थ पीने के बाद उसने कहा कि वह और उसका परिवार अपने दामाद की हत्या क्यों करेंगे।
घटना के बाद सिटी थाना पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और युवक के बयान दर्ज किए जाएंगे।
Akhil Mahajan