सोनीपत में शराब कारोबारी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, खिड़की तोड़कर निकली गोली
सोनीपत के गुमड़ गांव में शराब कारोबारी के घर पर देर रात कई राउंड फायरिंग हुई। पुरानी रंजिश के चलते हमला करने का आरोप, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सोनीपत के गुमड़ गांव में शराब कारोबारी के घर पर देर रात कई राउंड फायरिंग
पुरानी रंजिश और हालिया विवाद को लेकर हमले का आरोप
खिड़की तोड़कर निकली गोली, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र के गांव गुमड़ में देर रात एक शराब कारोबारी के घर पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
गांव गुमड़ निवासी कुनाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने समालखा क्षेत्र में शराब के ठेके ले रखे हैं। करीब एक साल पहले गांव के संदीप ठेकेदार को मिट्टी बेचने के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गांव के मनोज ने उस पर आरोप लगाया था कि उसने उनके पैसों से शराब के ठेके और वाहन खरीदे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।
कुनाल के अनुसार इसी विवाद के चलते पहले भी उस पर गोली चलाई गई थी। उस मामले में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ।
पीड़ित ने बताया कि करीब 20 दिन पहले गांव के मोहित के साथ मोबाइल फोन पर गाली-गलौज हुई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों ने दोबारा उसे निशाना बनाया।
शिकायत के मुताबिक 10 जून की रात करीब 11:16 बजे उसके मोबाइल फोन पर कॉल आई। आरोप है कि फोन पर मोहित और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकियां दीं। करीब 10 मिनट बाद मोहित, मनोज, रवि, बच्ची, काला और अन्य साथी सफेद रंग की बलेनो कार में सवार होकर उसके घर पहुंच गए।
उस समय कुनाल अपने पिता, बड़े भाई और चचेरे भाई के साथ मकान की छत पर बने कमरे में मौजूद था। आरोप है कि जब वह खिड़की से नीचे देखने लगा तो मोहित ने पिस्तौल से फायर कर दिया। गोली सीधे खिड़की के शीशे में जा लगी। समय रहते झुक जाने के कारण उसकी जान बच गई।
कुनाल का आरोप है कि इसके बाद रवि, बच्ची और एक अन्य साथी ने भी उसकी ओर चार से पांच राउंड फायरिंग की। लगातार हो रही गोलीबारी से परिवार के लोग घबरा गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार बचाव के लिए परिवार के लोगों ने छत पर रखी ईंटें आरोपियों की तरफ फेंकीं। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। आरोप है कि आरोपी अपनी कार भी वहीं छोड़कर भाग गए।
घटना के बाद जब परिवार के लोग नीचे पहुंचे तो उनकी आई-टेन कार का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी अपने घरों से बाहर निकल आए। इससे पूरे गांव में भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 और गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां गली में खाली कारतूसों के खोल बरामद हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
pooja