सोनीपत में किडनैप युवक की हत्या, जानें सनसनीखेज मामला
सोनीपत के 21 वर्षीय आदित्य का किडनैप कर हत्या कर दी गई। परिवार को वीडियो भेजकर ₹25 लाख फिरौती मांगी गई थी। शव दिल्ली मुंडका नहर से मिला, गांव में रोष।
- सोनीपत के 21 वर्षीय युवक आदित्य का शव दिल्ली मुंडका नहर से मिला
- किडनैपरों ने वीडियो भेजकर ₹25 लाख की फिरौती मांगी थी
- गांव वालों ने गिरफ्तारी न होने पर पुरखास–खानपुर रोड किया था जाम
सोनीपत के 21 वर्षीय युवक आदित्य के अपहरण और उसकी हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। युवक का शव दिल्ली हैदरपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास मुंडका नहर से बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार किडनैपरों ने युवक की हत्या कर शव को नहर में फेंका। यह मामला 10 दिसंबर को शुरू हुआ था जब आदित्य घर से निकला और उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार को उसके ही मोबाइल नंबर से लगातार धमकी भरे संदेश आते रहे।
परिवार को भेजी गई पोस्ट में लिखा था कि पच्चीस लाख रुपए तैयार कर लो। इसमें कहा गया था कि अगर पुलिस के पास जाओगे तो लड़का मुर्दा मिलेगा। वहीं यदि फिरौती दे दोगे तो उसे जिंदा लौटाया जाएगा। परिवार को भेजे गए वीडियो में आदित्य के हाथ बंधे दिखाई दे रहे थे और उसके शरीर पर चोट के निशान भी स्पष्ट थे। यह वीडियो देखकर परिजन दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
परिवार की शिकायत पर पुलिस ने युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला दर्ज किया। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गांव सांदल कलां के ग्रामीणों ने पुरखास–खानपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक युवक को बरामद नहीं किया जाता और किडनैपरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक सड़क नहीं खोली जाएगी।
सूचना मिलते ही एसीपी ऋषिकांत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार को शाम तक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब तीन घंटे बाद जाम खोला गया। उधर, दिल्ली के थाना के.एन. कटजु मार्ग, रोहिणी SHO ने बताया कि रात के समय शव की पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में हरियाणा पुलिस से संपर्क के बाद परिवार को बुलवाकर पहचान की प्रक्रिया पूरी करवाई गई।
पुलिस अब किडनैपरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और कई सुरागों पर काम कर रही है। यह मामला संगठित अपराध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और पुलिस कई टीमें बनाकर तलाश में जुटी हुई है।
Author1