हरियाणा में किसान पर जानलेवा हमला, 1 लाख रुपये लूटकर फरार हुए बदमाश
सोनीपत में ड्यूटी से लौट रहे किसान पर नकाबपोश युवकों ने हमला कर करीब एक लाख रुपये लूट लिए। घायल किसान अस्पताल में भर्ती है, पुलिस जांच कर रही है।
सोनीपत में किसान पर 5-6 नकाबपोश युवकों ने किया जानलेवा हमला
मारपीट के बाद करीब 1 लाख रुपये लूटकर आरोपी मौके से फरार
घायल किसान अस्पताल में भर्ती, पुलिस फिलहाल मारपीट की शिकायत पर जांच में जुटी
हरियाणा के सोनीपत में एक किसान के साथ दिनदहाड़े लूट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। किसान खेती-बाड़ी के साथ-साथ इंदिरा कॉलोनी स्थित बिजली कार्यालय में चौकीदार के रूप में भी कार्यरत है। रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद जब वह अपने गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया।
घायल किसान की पहचान 55 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5:55 बजे राजेश अपनी बाइक पर सवार होकर ड्यूटी खत्म कर गांव निरथान लौट रहा था। जब वह खेड़ी-निरथान मार्ग पर पहुंचा तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच-छह युवकों ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।
राजेश के बड़े भाई आनंद ने बताया कि हमलावरों ने चेहरे ढके हुए थे। राजेश ने उनसे कहा कि पहले उसकी पहचान कर लें, कहीं किसी और को समझकर हमला तो नहीं कर रहे। लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया।
हमलावरों ने राजेश की कमर, हाथ, शरीर के अन्य हिस्सों और प्राइवेट पार्ट के आसपास भी गंभीर चोटें पहुंचाईं। मारपीट के दौरान वह बुरी तरह घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के बाद उसके पास मौजूद करीब एक लाख रुपये भी लूट लिए। बताया गया कि यह रकम किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और बीमा की किस्त जमा कराने के लिए जुटाई गई थी। इसके लिए राजेश ने अपने भाई से उधार लेकर पैसे इकट्ठे किए थे।
राजेश के बेटे हर्ष ने बताया कि पांच आरोपियों में से एक का चेहरा खुला हुआ था, जबकि बाकी चार ने कपड़े से चेहरा ढका हुआ था। उनका आरोप है कि हमलावरों का इरादा सिर्फ लूट नहीं बल्कि उनके पिता की हत्या करना भी हो सकता था।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया गया।
परिवार का कहना है कि राजेश का किसी के साथ कोई झगड़ा, विवाद या पुरानी रंजिश नहीं थी। ऐसे में हमला और लूट किस वजह से हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना के बाद परिजनों ने नागरिक अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। हर्ष ने आरोप लगाया कि एक्स-रे करवाने के लिए उन्हें कई घंटे तक परेशान होना पड़ा। उन्होंने कहा कि इलाज में अनावश्यक देरी हुई, जिससे मरीज को परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं, पुलिस पीआरओ रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से फिलहाल मारपीट की शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja