सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, मेदांता अस्पताल में इलाज, राहुल- प्रियंका भी मौजूद
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पेट में तकलीफ के चलते गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचीं, जहां डॉक्टर रणधीर सूद की निगरानी में उनका चेकअप और एंडोस्कोपी की गई।
➤ पेट में तकलीफ के चलते गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचीं सोनिया गांधी
➤ डॉक्टर रणधीर सूद की निगरानी में हुआ चेकअप और एंडोस्कोपी
➤ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी अस्पताल में रहे मौजूद
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी बुधवार सुबह अचानक गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचीं। जानकारी के अनुसार उन्हें पेट में तकलीफ की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल लाया गया।
सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी सुबह करीब 7 बजे अस्पताल पहुंचीं। यहां उनका चेकअप प्रसिद्ध गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉक्टर रणधीर सूद की निगरानी में किया गया। डॉक्टरों की टीम ने उनकी स्वास्थ्य संबंधी कई जांचें कीं।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में सोनिया गांधी की एंडोस्कोपी भी की गई। जांच प्रक्रिया के दौरान अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। अस्पताल परिसर के बाहर सुरक्षा एजेंसियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हलचल भी देखने को मिली।
करीब चार घंटे तक अस्पताल में रहने के बाद सोनिया गांधी सुबह लगभग 11 बजे वापस लौट गईं। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी सोनिया गांधी के साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने अस्पताल में डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
सोनिया गांधी की तबीयत को लेकर खबर सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि अस्पताल सूत्रों के अनुसार जांच के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
Akhil Mahajan