हरियाणा के युवक की हिमाचल के सोलन चौक बाजार में मर्डर

सोलन के चौक बाजार में हरियाणा के 24 वर्षीय अमन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि शहर में गश्त बढ़ाई जाएगी।

हरियाणा के युवक की हिमाचल के सोलन चौक बाजार में  मर्डर

➤ सोलन के चौक बाजार में हरियाणा के 24 वर्षीय अमन की चाकू मारकर हत्या
➤ पुलिस ने मंथन और अंकुश को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया
➤ 24 घंटे में दो बड़ी वारदातों के बाद संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ेगी


हिमाचल प्रदेश के सोलन में शुक्रवार देर शाम एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हरियाणा के कालका निवासी अमन (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में सोलन निवासी मंथन और अंकुश को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे चौक बाजार में कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते बहस खूनी संघर्ष में बदल गई। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान मंथन ने अमन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।

झगड़े के दौरान आरोपी मंथन की उंगली भी कट गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे अंकुश को भी चोटें लगीं

गुरुवार शाम सोलन के मालरोड पर इसी जगह युवक पर बिलचे से हमला किया गया था।

अस्पताल पहुंचने पर अमन को मृत घोषित किया

घटना के बाद स्थानीय लोग तीनों घायल युवकों को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को पुलिस सदर थाना ले जाया गया।

घटना से एक दिन पहले भी हुआ था विवाद

मृतक अमन हरियाणा के कालका का रहने वाला था और टैक्सी चलाता था। पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भी दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। घटना से कुछ देर पहले एक पक्ष पुलिस चौकी में भी पहुंचा था।

हालांकि शुक्रवार शाम विवाद दोबारा कैसे शुरू हुआ और चाकू से हमला करने की स्थिति क्यों बनी, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

एसपी सोलन टी साई वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंथन व अंकुश को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस सदर थाना ले गई है।

पुलिस दोनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। एसपी के अनुसार, युवकों के बीच झगड़े की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। आरोपियों से पूछताछ के बाद ही यह सामने आएगा कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था।

सोलन अस्पताल में होगा पोस्टमार्टम

पुलिस ने अमन के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शनिवार को सोलन अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर विवाद की पूरी वजह सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

24 घंटे में सोलन शहर में दूसरी बड़ी वारदात

इस घटना के बाद सोलन शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शहर में करीब 24 घंटे के भीतर दो बड़ी वारदातें सामने आई हैं।

इससे पहले गुरुवार रात सोलन के मालरोड पर एक व्यक्ति के सिर पर बिलचे से हमला किया गया था। इस हमले में शराब के ठेके पर काम करने वाला सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। इस मामले में भी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी पुलिस गश्त

लगातार हुई इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला लिया है। एसपी टी साई वर्मा ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी

इसके साथ ही शहर के संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां पुलिस की तैनाती भी की जाएगी, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा जा सके।