हरियाणा की कसाबा माइनर से युवक का श*व बरामद, पहचान में जुटी पुलिस
सिरसा के मौजदीन गांव स्थित कसाबा माइनर से 25-30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी है।
सिरसा की कसाबा माइनर से 25-30 वर्षीय युवक का शव बरामद
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची, पहचान के प्रयास जारी
हर एंगल से जांच शुरू, लापता युवक से भी जोड़ा जा रहा सुराग
हरियाणा के सिरसा जिले में सोमवार सुबह कसाबा माइनर से एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौजदीन गांव के ग्रामीणों ने माइनर में शव बहता हुआ देखा और इसकी सूचना तुरंत सरपंच व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार इन दिनों कसाबा माइनर में पानी का बहाव काफी कम है। इसी कारण युवक का शव बहते हुए किनारे पर आकर अटक गया। युवक मुंह के बल पड़ा हुआ था तथा उसके हाथ और पैर मिट्टी में दबे हुए मिले। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के लिए उसे मॉर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की आइब्रो पर कैंची कट का निशान है और उसने नाइकी ब्रांड की टी-शर्ट पहन रखी थी। उसके पास से मोबाइल चार्जर भी बरामद हुआ है। इसी बीच जानकारी मिली है कि ऐलनाबाद थाना क्षेत्र से भी एक 35 वर्षीय युवक पिछले कुछ दिनों से लापता है। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने ऐलनाबाद पुलिस से भी संपर्क कर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। मौजदीन की सरपंच पवनदीप कौर ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने माइनर में शव देखा था, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
सदर थाना प्रभारी सीमा सोढी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के थानों से भी लापता लोगों का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है। जल्द ही मृतक की पहचान कर मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
pooja