बिलबोर्ड इंडिया पर दूसरे नंबर पर पहुंचा हरियाणवी सॉन्ग 'शीशा':नेपाली सिंगर ने गाया, ₹200 उधार लेकर की थी करियर की शुरुआत
हरियाणा की सिंगर स्वरा वर्मा का ‘शीशा’ गाना Billboard India पर दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। ₹200 उधार से शुरू हुआ उनका सफर आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।
■ हरियाणवी सॉन्ग ‘शीशा’ बिलबोर्ड इंडिया पर नंबर-2
■ ₹200 उधार लेकर शुरू किया करियर, बनी सफलता की मिसाल
■ नेपाल से हरियाणा तक का संघर्ष, अब देशभर में पहचान
हरियाणा के करनाल जिले के असंध की रहने वाली सिंगर स्वरा वर्मा आज देश के सबसे बड़े म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनका हरियाणवी गाना शीशा इस समय Billboard India चार्ट पर लगातार दूसरे स्थान पर बना हुआ है। खास बात यह है कि इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर बेहद संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक रहा है।एक समय ऐसा भी था जब आर्थिक तंगी के कारण स्वरा को अपनी पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी। परिवार की हालत इतनी कमजोर थी कि उन्हें स्टूडियो जाने के लिए भी अपनी मां और दोस्तों से ₹200 उधार लेने पड़े। लेकिन इन मुश्किल हालातों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया।
स्वरा ने अपने करियर की शुरुआत छोटे स्तर से की। वह किटी पार्टियों, क्लबों और प्राइवेट इवेंट्स में गाना गाती थीं, जहां उन्हें 1000-1500 रुपये मिलते थे। यही छोटे-छोटे मौके उनके लिए बड़ी सफलता की नींव बने। धीरे-धीरे उन्होंने संगीत की बारीकियां सीखीं और लगातार मेहनत से खुद को बेहतर बनाया।‘शीशा’ गाने की सफलता के पीछे भी एक खास कहानी है। इस गाने को करनाल के लेखक मीता रोड ने लिखा, जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिए स्वरा से संपर्क किया। गाने की रिकॉर्डिंग करनाल के स्टूडियो में हुई और रिलीज के बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। बाद में इसे Sony Music India ने रिलीज किया, जिसके बाद यह सीधे Billboard India चार्ट में पहुंच गया।
स्वरा बताती हैं कि उनकी सफलता में सही कॉन्सेप्ट, दमदार लिरिक्स और उनकी आवाज का मेल सबसे बड़ा कारण बना। ‘शीशा’ गाने ने उन्हें हरियाणा से निकलकर देशभर में पहचान दिलाई है और अब उन्हें पंजाब व मुंबई से भी ऑफर मिल रहे हैं।
नेपाल के काठमांडू से हरियाणा तक का उनका सफर भी बेहद खास रहा है। उनका परिवार बेहतर भविष्य की तलाश में भारत आया और असंध में बस गया। बचपन से ही अभावों में पली-बढ़ी स्वरा ने न सिर्फ आर्थिक चुनौतियों का सामना किया, बल्कि भाषा की बाधा को भी पार किया।2023 में सिंगर मासूम शर्मा ने उन्हें पहला बड़ा मौका दिया, जिसके बाद उनकी जिंदगी ने नई दिशा पकड़ी। इसके बाद उन्होंने कई हिट गानों में अपनी आवाज दी और अब ‘शीशा’ ने उन्हें नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।
आज स्वरा लाखों युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुकी हैं कि अगर हौसला और मेहनत हो, तो कोई भी मुश्किल आपको आपके सपनों से दूर नहीं कर सकती।
shubham