संजय सिंह का बड़ा दावा: "2 घंटे को ED-CBI दे दो, AAP में शामिल हो जाएगी आधी बीजेपी"
हरियाणा दौरे पर AAP सांसद संजय सिंह ने बीजेपी और राघव चड्ढा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सांसदों के पार्टी छोड़ने को ऑपरेशन लोटस बताया।
हरियाणा दौरे पर संजय सिंह का बीजेपी पर बड़ा हमला
राघव चड्ढा समेत सांसदों के पार्टी छोड़ने पर बोले- यह ऑपरेशन लोटस
ED-CBI को लेकर दिया तीखा बयान, सियासत गरमाई
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हरियाणा दौरे के दौरान बीजेपी और पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हाल ही में राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने को लेकर बड़ा हमला बोला और इसे सीधे तौर पर ‘ऑपरेशन लोटस’ बताया।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी विपक्षी नेताओं को तोड़ने के लिए केंद्रीय एजेंसियों ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) का डर दिखा रही है। उन्होंने कहा कि पहले नेताओं के ठिकानों पर छापेमारी की जाती है और फिर उन्हें दबाव बनाकर बीजेपी में शामिल कराया जाता है।
हरियाणा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह ने तीखा बयान देते हुए कहा, “ईडी और सीबीआई दो घंटे के लिए मुझे दे दो, फिर देखो बीजेपी वालों की लाइन लग जाएगी आम आदमी पार्टी में आने को।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी संघर्ष की राजनीति करती है और जो नेता जांच एजेंसियों या जेल से डर जाते हैं, वे पार्टी में ज्यादा समय तक टिक नहीं सकते। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।
पश्चिम बंगाल चुनाव की सियासी गर्मी के बीच आए इस बयान ने राष्ट्रीय राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद दिल्ली और पंजाब की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी भी दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है और जनता सब देख रही है। उन्होंने बीजेपी पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
उनके इस बयान के बाद हरियाणा से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बीजेपी की ओर से भी इस बयान पर पलटवार की संभावना जताई जा रही है।
pooja