एक्टर संजय दत्त बोले-मैं भी हरियाणवी, हरियाणा में DUSU अध्यक्ष आर्यन मान के घर पहुंच
संजय दत्त बहादुरगढ़ में DUSU अध्यक्ष आर्यन मान के घर पहुंचे और खुद को हरियाणवी बताया। वहीं मासूम शर्मा ने अक्षय कुमार की फिल्म पर तंज कसा।
➤ बहादुरगढ़ में संजय दत्त का सरप्राइज विजिट, बोले- मैं भी हरियाणवी
➤ डूसू अध्यक्ष आर्यन मान के घर पहुंचे, लोगों की उमड़ी भीड़
➤ मासूम शर्मा ने अक्षय कुमार की फिल्म पर कसा मजाकिया तंज
हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में रविवार को उस समय खासा उत्साह देखने को मिला जब बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त अचानक शहर पहुंचे। उनका यह दौरा दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) के अध्यक्ष आर्यन मान के निवास पर हुआ, जहां उन्हें देखने और मिलने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
संजय दत्त ने आर्यन मान और उनके परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक अंदाज में कहा कि “मैं भी हरियाणवी हूं”। उन्होंने बताया कि उनका घर मंडौली (यमुनानगर) में है और हरियाणा के लोगों में जो अपनापन है, वही उन्हें बार-बार यहां खींच लाता है।
गौरतलब है कि डूसू चुनाव के दौरान भी संजय दत्त ने आर्यन मान के समर्थन में वोट की अपील की थी। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों से समर्थन मांगा था। अब चुनाव के बाद उनका यह दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस कार्यक्रम में हरियाणवी गायक और अभिनेता मासूम शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने अपनी फिल्म ‘लाइसेंस’ को मिल रहे दर्शकों के समर्थन पर खुशी जताई। साथ ही बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म पर हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि “हमारी फिल्म ने ‘भूत बंगला’ का भूत भी उतार दिया”।
मासूम शर्मा ने कहा कि हरियाणवी सिनेमा तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब यह सिर्फ राज्य तक सीमित नहीं रहा। देशभर के दर्शक हरियाणवी कंटेंट को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में उनकी फिल्म को दक्षिण भारत के दर्शक भी डब कर देखकर सराहेंगे।
उन्होंने कहा कि दर्शकों का बढ़ता प्यार इस बात का संकेत है कि क्षेत्रीय सिनेमा अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। आने वाले समय में हरियाणवी फिल्में और संगीत और बड़े मंच पर पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी आर्यन मान के परिवार के कार्यक्रमों में कई बड़ी हस्तियां शामिल हो चुकी हैं। हनुमान जयंती कार्यक्रम में सपना चौधरी और मासूम शर्मा ने मंच पर प्रस्तुति दी थी, जिसमें कई नेता और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे थे।
Akhil Mahajan