भिगान टोल पर बिछाया जाल, ट्रैफिक जाम में फंसा डबल मर्डर का आरोपी; सोनीपत पुलिस ने दबोचा

डेराबस्सी और पानीपत डबल मर्डर केस के आरोपी साहिल मलिक को सोनीपत पुलिस ने भिगान टोल प्लाजा पर विशेष नाकाबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

भिगान टोल पर बिछाया जाल, ट्रैफिक जाम में फंसा डबल मर्डर का आरोपी; सोनीपत पुलिस ने दबोचा

➤ डेराबस्सी और पानीपत में दो हत्याओं के बाद फरार था आरोपी साहिल मलिक

➤ जीपीएस लोकेशन ट्रेस होने पर भिगान टोल प्लाजा पर बनाई गई विशेष रणनीति

➤ ट्रैफिक जाम में फंसते ही सोनीपत पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया


डेराबस्सी और पानीपत में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी साहिल मलिक को सोनीपत पुलिस ने देर रात एक नाटकीय कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़ने के लिए स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट (एसएजीयू) और मुरथल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से भिगान टोल प्लाजा पर विशेष नाकाबंदी की थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डेराबस्सी में अपने चाचा राहुल मलिक और बाद में पानीपत में अपने दोस्त अंकुश की हत्या करने के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान डेराबस्सी पुलिस ने आरोपी की कार की जीपीएस लोकेशन ट्रेस कर ली और इसकी सूचना तुरंत सोनीपत पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सोनीपत पुलिस हरकत में आ गई। आरोपी को पकड़ने के लिए भिगान टोल प्लाजा पर विशेष रणनीति बनाई गई। योजना के तहत टोल प्लाजा पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही धीमी कर दी गई, जिससे वहां लंबी कतार लग गई।

पुलिस को उम्मीद थी कि आरोपी इसी मार्ग से गुजर सकता है। देर रात आरोपी की कार भी वाहनों की भीड़ में फंस गई। इसके बाद पहले से तैनात पुलिस टीमों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे आरोपी साहिल मलिक को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद सोनीपत पुलिस ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन पूछताछ के लिए पानीपत सीआईए को सौंप दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बुधवार शाम मोहाली के डेराबस्सी क्षेत्र के गांव घोलूमाजरा स्थित सिक्योरिटी एन्क्लेव में अपने चाचा राहुल मलिक की गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद वह शव को कार में डालकर पानीपत पहुंचा।

पानीपत में उसने अपने दोस्त अंकुश को सेक्टर 13-17 चौक के पास फोन कर बुलाया और बाद में उसकी भी हत्या कर दी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि दोनों हत्याओं के बाद आरोपी ने शवों को सिवाह क्षेत्र के पास नहर किनारे फेंक दिया था।

मामले में पुलिस लगातार आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और अन्य संभावित कड़ियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।