होली की रात हरियाणा में ताबड़तोड़ मुठभेड़, प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड से जुड़े दो बदमाश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
होली की रात CIA-II और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में सत्यवान हत्याकांड से जुड़े दो आरोपी घायल होकर गिरफ्तार हुए। दोनों को PGI में भर्ती कराया गया है।
■ होली की रात CIA-II और बदमाशों के बीच कई राउंड फायरिंग
■ दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया
■ सत्यवान मर्डर केस और वायरल धमकी पोस्ट से जुड़े तार
रोहतक में होली की रात पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हो गई। CIA-II की टीम को सूचना मिली थी कि प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान हत्याकांड से जुड़े आरोपी पहरावर गांव के पास मौजूद हैं। टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी कई राउंड गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।
घायल बदमाशों की पहचान प्रदीप डागर निवासी झाड़ौदा, दिल्ली और सोमबीर निवासी मदीना के रूप में हुई है। प्रदीप को दोनों पैरों में और सोमबीर को एक पैर में गोली लगी है। दोनों को उपचार के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कुछ दिन पहले हुए प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान हत्याकांड में शामिल थे। हत्या के बाद बदमाशों ने सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट डालकर शव देने से इनकार किया था, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद पुलिस ने पहले दो अन्य बदमाशों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया था।
हत्या के पांचवें दिन सत्यवान का शव जवाहर लाल नेहरू कैनाल से बरामद हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया था कि शव को पत्थर बांधकर नहर में फेंका गया था, ताकि वह ऊपर न आ सके। इस वारदात ने रोहतक और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैला दी थी।
CIA-II की टीम लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। होली की रात मिली पुख्ता सूचना के आधार पर घेराबंदी की गई, जिसके बाद आमना-सामना होते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है और पुलिस उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की तैयारी में है।
Akhil Mahajan