गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का शूटर अमन गिरफ्तार, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर फायरिंग का आरोपी
रोहतक में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का शूटर अमन उर्फ काकू गोली लगने से घायल हुआ। आरोपी को PGI ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
- रोहतक में पुलिस–STF और इनामी बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़
- गोली लगने से शूटर अमन उर्फ काकू घायल, PGI ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
- गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का शूटर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर फायरिंग का आरोपी
हरियाणा के रोहतक में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। STF और रोहतक पुलिस की संयुक्त टीम ने जब एक इनामी बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान रिटौली गांव निवासी अमन उर्फ काकू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे काबू में लेकर तुरंत PGI रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार अमन कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ के लिए काम करता है और कई गंभीर मामलों में वांछित था।
STF को सूचना मिली थी कि एक लाख 50 हजार के इनामी गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का शूटर अमन उर्फ काकू सांपला क्षेत्र के बेरी रोड पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खुद को घिरता देख अमन ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।
इस दौरान दोनों तरफ से कुल 5 राउंड फायरिंग हुई। एक गोली अमन के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसकी अवैध देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद कर लिए।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अमन उर्फ काकू पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। 17 जुलाई 2022 को रोहतक के शिवाजी कॉलोनी थाने में मारपीट और फायरिंग का केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा 26 मार्च 2025 को रोहतक सदर थाने में आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
अमन पर सबसे बड़ा आरोप 14 मार्च 2025 को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर की गई फायरिंग का है। यह हमला होली के दिन किया गया था। इस घटना में बंबर ठाकुर की टांग में गोली लगी थी, जबकि उनके PSO संजीव कुमार को दो गोलियां लगी थीं। बाद में दोनों को शिमला के IGMC अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस मामले में बिलासपुर पुलिस ने पहले ही रितेश, मंजीत नड्डा और रोहित राणा को गिरफ्तार कर लिया था। इन्हीं की निशानदेही पर पुलिस की टीमें पिछले 10 महीनों से अमन की तलाश में जुटी हुई थीं। अमन पर पुलिस ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
फिलहाल पुलिस अमन की हालत पर नजर बनाए हुए है। इलाज के बाद उसे अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ और रिमांड की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टरों और उनके शूटरों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Akhil Mahajan