हरियाणा की बेटियों ने बढ़ाया देश का मान: जैस्मिन और प्रीति ने जीता गोल्ड; मेडल टैली में भारत छठे स्थान पर
Commonwealth Games 2026, Jasmin Lamboria, Preeti Panwar, India Boxing, Gold Medal, CWG 2026, Medal Tally, Bhiwani Boxer, Sports News
➤ जैस्मिन लांबोरिया और प्रीति पंवार ने बॉक्सिंग में भारत को दिलाए दो स्वर्ण पदक
➤ भारत के खाते में अब 7 गोल्ड समेत कुल 27 पदक, मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंचा
➤ आज आठ भारतीय मुक्केबाज और गोल्ड के लिए उतरेंगे, कई और पदकों की उम्मीद
ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। शनिवार को हरियाणा की दो बेटियों जैस्मिन लांबोरिया और प्रीति पंवार ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर भारत की झोली में दो और स्वर्ण पदक डाल दिए। इन जीतों के साथ भारत के कुल 7 गोल्ड और 27 पदक हो गए हैं। शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय दल मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है।
57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जैस्मिन लांबोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को हराकर गोल्ड अपने नाम किया। इससे पहले 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में प्रीति पंवार ने कनाडा की सवाना डोलमागो को शिकस्त देकर भारत को एक और स्वर्ण पदक दिलाया।
हरियाणा की बेटियों ने बढ़ाया देश का मान
भिवानी की रहने वाली प्रीति पंवार पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। उन्होंने 2022 एशियन चैंपियनशिप और 2023 एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीते थे। वह पेरिस ओलंपिक 2024 में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्ष 2026 एशियन चैंपियनशिप और 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीते थे।
वहीं जैस्मिन लांबोरिया मौजूदा समय में 57 किलोग्राम वर्ग की विश्व नंबर-1 मुक्केबाज हैं। उन्होंने 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप, वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल और अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी स्वर्ण जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखी है। जैस्मिन 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं।
आज 8 और भारतीय बॉक्सर गोल्ड के लिए उतरेंगे
भारत के लिए शनिवार का दिन और भी ऐतिहासिक बन सकता है। देश के आठ मुक्केबाज अलग-अलग भार वर्गों के फाइनल में उतरेंगे।
- जदुमणि सिंह (55 KG)
- साक्षी चौधरी (51 KG)
- प्रिया घंघास (60 KG)
- अरुंधति चौधरी (70 KG)
- लवलीना बोरगोहेन (75 KG)
- सचिन सिवाच (60 KG)
- अंकुश पंघाल (80 KG)
- नरेंद्र बरवाल (90+ KG)
इन मुकाबलों में भारत को कई और स्वर्ण पदकों की उम्मीद है।
ट्रिपल जंप में भी दो पदक
एथलेटिक्स में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक जीता, जबकि सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण जाम्बिया के जॉर्डन स्कॉट ने जीता।
जूडो में उन्नति की शानदार शुरुआत
जूडो प्रतियोगिता में भारत की उन्नति शर्मा ने महिला 63 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। उनसे भी पदक की उम्मीद बनी हुई है।
44 गोल्ड मेडल इवेंट्स पर नजर
शनिवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 44 स्वर्ण पदक मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स, जूडो, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बॉल्स शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ी कई स्पर्धाओं में पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
Akhil Mahajan 