रोहतक में गर्दन कटा शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार

रोहतक के इस्माइला गांव में युवक नीरज का गर्दन कटा शव मिलने के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया है।

रोहतक में गर्दन कटा शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार

रोहतक के इस्माइला गांव में युवक का गर्दन कटा शव मिलने से सनसनी

परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम करवाने से किया इनकार

सीसीटीवी में दो युवकों के साथ बाइक पर नजर आया था मृतक नीरज


हरियाणा के रोहतक जिले के इस्माइला गांव में युवक का गर्दन कटा शव मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया है। पंचायत के बाद परिवार और ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा।

मृतक की पहचान गांव इस्माइला निवासी 31 वर्षीय नीरज पुत्र जयपाल के रूप में हुई है। उसका शव गांव के पास स्थित एक पानी की डिग्गी के निकट मिला था। शव की हालत देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नीरज की गर्दन तेजधार हथियार से काटी गई थी। घटनास्थल पर गर्दन और धड़ अलग-अलग मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भिजवा दिया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। परिजनों के अनुसार नीरज रविवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह कुछ स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में दो युवकों के साथ बाइक पर जाता हुआ दिखाई दिया।

परिवार ने बाइक पर मौजूद युवकों में से एक की पहचान संदीप के रूप में की है, जबकि दूसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अब दोनों युवकों की भूमिका की जांच कर रही है।

मृतक के भाई नरेश ने बताया कि परिवार को हत्या के पीछे की वजह की कोई जानकारी नहीं है। नीरज ने कभी किसी विवाद या दुश्मनी की बात परिवार को नहीं बताई थी। ऐसे में परिवार भी यह जानने की कोशिश कर रहा है कि आखिर उसकी हत्या क्यों की गई।

परिजनों का आरोप है कि देर रात शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। परिवार को आशंका है कि नीरज की हत्या में उसके परिचित लोग शामिल हो सकते हैं।

ग्रामीणों और परिजनों ने पंचायत कर फैसला लिया है कि जब तक पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने निर्णय पर अड़े रहे।

मामले में डीएसपी राकेश ने कहा कि पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।