चल रही थी बीयर पार्टी, झगड़ा हुआ तो दोस्त और उसकी प्रेमिका को उतार डाला मौत के घाट
रोहतक के हसनगढ़ में संदीप और कविता की हत्या मामले में सांपला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों चार दिन के पुलिस रिमांड पर हैं।
➤ बीयर पीने के दौरान संदीप-कविता के बीच हुआ विवाद
➤ विवाद बढ़ने पर दोनों की हत्या कर शव नहर में फेंके
➤ सांपला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 दिन के रिमांड पर लिया
रोहतक जिले के हसनगढ़ गांव में प्रेमी युगल संदीप और कविता की हत्या के मामले में सांपला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदीप और कविता अपने दो परिचितों के साथ बीयर पीने के लिए गए थे, जहां विवाद के बाद दोनों की हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शवों को ठिकाने लगाने के लिए नहर में फेंक दिया था। 4 अक्टूबर की शाम आसौदा थाना क्षेत्र में नहर के अंदर एक महिला और एक पुरुष के शव मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई थी। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी संदीप पुत्र राजसिंह और यूपी निवासी कविता के रूप में हुई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।
पुलिस जांच के मुताबिक, संदीप और कविता गाड़ी लेकर खरखौदा मोड़ पर गए थे। वहां उन्होंने अपने दो दोस्तों नितेश व सुभाष तथा नितेश पुत्र शिवनारायण को बीयर लेकर आने के लिए कहा। दोनों आरोपी बीयर लेकर वहां पहुंचे। इसी दौरान बीयर पीने को लेकर संदीप और कविता के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद संदीप ने बीयर की बोतल से कविता की हत्या कर दी।
कविता की हत्या के बाद संदीप का अपने दोस्तों के साथ भी विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, यह विवाद इतना बढ़ गया कि नितेश ने बीयर की बोतल से संदीप की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी घबरा गए और संदीप व कविता के शवों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। आरोपियों ने दोनों के शव नहर में फेंक दिए और गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गए। बाद में दोनों शव आसौदा थाना क्षेत्र में नहर से बरामद हुए।
जांच में यह भी सामने आया कि संदीप की हसनगढ़ गांव में परचून की दुकान थी। उसने करीब 3-4 माह पहले दुकान छोड़ दी थी और यूपी निवासी कविता के साथ गांव आकर रहने लगा था। इसके बावजूद उसका हसनगढ़ आना-जाना बना रहता था। जब संदीप हसनगढ़ में रहता था, तब आरोपी नितेश उनके पड़ोस में ही रहता था और दोनों के बीच अच्छी जान-पहचान थी।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को संदीप ने अपनी मां से बात की थी। बातचीत के दौरान उसने बताया था कि वह हसनगढ़ में नितेश के साथ है और एक-दो दिन में वापस आ जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर से संदीप का फोन बंद हो गया। फोन बंद होने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
संदीप का भाई राकेश उसे खोजने के लिए हसनगढ़ पहुंचा। इसी दौरान दोनों की हत्या होने की जानकारी सामने आई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास शुरू किए।
सांपला थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि हसनगढ़ में महिला और पुरुष की हत्या के मामले में दो आरोपियों को काबू किया गया है। दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।
Akhil Mahajan