तेज बारिश के साथ ओले, 9 जिलों में यलो अलर्ट; 12 अक्टूबर तक बदला रहेगा मौसम
हरियाणा में पंचकूला समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। 9 जिलों में यलो अलर्ट है। 12 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
➤ पंचकूला में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि, अंबाला-यमुनानगर में भी छाए बादल
➤ 9 जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाओं, बिजली और बारिश का अलर्ट
➤ हिसार 38.1°C के साथ सबसे गर्म, हथनीकुंड बैराज में न्यूनतम 20.5°C दर्ज
हरियाणा में बुधवार दोपहर बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली। पंचकूला में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे पहले मंगलवार रात भी पंचकूला में ओले पड़े थे। वहीं अंबाला और यमुनानगर में भी आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक, प्रदेश में 12 अक्टूबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होंगे, जिसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बुधवार को पूरे दिन अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
बारिश के अलर्ट ने मंडियों में खुले में पड़े धान को लेकर किसानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश होने की स्थिति में खुले में रखी फसल प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में मौसम का यह बदलाव किसानों और मंडियों से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण हो गया है।
हिसार 38.1°C के साथ राज्य में सबसे गर्म
मंगलवार को हरियाणा के औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.6°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7°C अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान हिसार में 38.1°C दर्ज किया गया।
इसके अलावा महेंद्रगढ़ (नारनौल) में 38.0°C, चरखी दादरी में 38.0°C, बालसमंद में 37.6°C और भिवानी में 37.0°C तापमान दर्ज किया गया। वहीं अंबाला में अधिकतम तापमान 35.2°C, करनाल में 33.5°C और रोहतक में 33.3°C रहा।
यमुनानगर की रात सबसे ठंडी
7 अक्टूबर की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में भी पिछले दिन की तुलना में 0.5 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि इसके बावजूद औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक बना हुआ है।
इस अवधि में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर जिले के हथनीकुंड बैराज (AWS) में 20.5°C दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान फरीदाबाद में 25.6°C रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में बदलाव जारी रह सकता है।
Akhil Mahajan