6-7 साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी, मुलाकात हुई और दोनों की मौत; रोहतक में मचा हड़कंप
रोहतक के डेयरी मोहल्ला में लंबे समय से अलग रह रहे पति-पत्नी मृत मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
➤ 6-7 साल से अलग रह रहे पति-पत्नी घर में मृत मिले
➤ पड़ोसियों के अनुसार मौत से पहले दोनों के बीच हुआ था झगड़ा
➤ पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
रोहतक के डेयरी मोहल्ला में एक पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। सूचना मिलने पर पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान करीब 55 वर्षीय राजीव और 50 वर्षीय शालिनी के रूप में हुई है। दोनों के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 6-7 वर्षों से दोनों अलग-अलग रह रहे थे। शालिनी बच्चों के साथ दिल्ली में रहती थी, जबकि राजीव रोहतक में अकेले रह रहा था।
पड़ोसियों के अनुसार शालिनी गुरुवार को दिल्ली से रोहतक आई थी। घर में दोनों के बीच किसी आर्थिक लेन-देन को लेकर काफी देर तक विवाद और कहासुनी होती रही। झगड़े की आवाज आसपास के लोगों ने भी सुनी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय बाद घर से कोई हलचल नहीं हुई तो मामले की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मृत पाया।
वर्षों से चल रहा था विवाद
पड़ोसियों ने बताया कि राजीव और शालिनी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी वजह से शालिनी बच्चों के साथ दिल्ली में रहने लगी थी। वहीं राजीव अकेले रह रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार राजीव पहले दुकान चलाता था, लेकिन पिछले कई वर्षों से दुकान बंद थी। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि वह अक्सर अकेला रहता था।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan