नीट पेपर लीक केंद्र सरकार की विफलता, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा न होना दुर्भाग्यपूर्ण : रोहित ठाकुर

हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने NEET पेपर लीक को केंद्र सरकार की विफलता बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही 14 हजार शिक्षकों की भर्ती का दावा भी किया।

नीट पेपर लीक केंद्र सरकार की विफलता, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा न होना दुर्भाग्यपूर्ण : रोहित ठाकुर

रोहित ठाकुर ने NEET पेपर लीक को केंद्र सरकार की बड़ी विफलता बताया

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई

हिमाचल में 14 हजार शिक्षकों की भर्ती और 3 हजार नए पद जल्द भरने का दावा


शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह मामला केंद्र सरकार की बड़ी विफलता है और सरकार को समय रहते इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का अब तक इस्तीफा न देना दुर्भाग्यपूर्ण है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में हो रहे प्रदर्शन केंद्र सरकार की नाकामी को उजागर करते हैं। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पेपर लीक जैसी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जानी चाहिए।

उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए कई भर्ती परीक्षाएं अब कंप्यूटराइज्ड माध्यम से आयोजित की जा रही हैं।

प्रदेश में घोषित सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट सूची के आधार पर की जाएंगी। उन्होंने बताया कि करीब 9 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी और भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रिंसिपलों की नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं, जबकि अन्य पदों पर चयन की प्रक्रिया चल रही है।

जेबीटी शिक्षकों के क्लस्टर सिस्टम के विरोध पर उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों और समस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक है। जो भी व्यवहारिक और उचित होगा, उस पर सरकार निर्णय लेगी।

रोहित ठाकुर ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल से स्वीकृत 3 हजार शिक्षकों के पद जल्द भरे जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में 14 हजार भर्तियां पूरी कर ली जाएंगी।