हिमाचल में 5 दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट, 20-21 जुलाई को सबसे ज्यादा खतरा
हिमाचल प्रदेश में 18 से 22 जुलाई तक भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 20 और 21 जुलाई को भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और जलभराव का सबसे ज्यादा खतरा रहेगा।
■ हिमाचल में 18 से 22 जुलाई तक भारी बारिश का रेड अलर्ट
■ 20 और 21 जुलाई को सबसे ज्यादा खतरे की चेतावनी
■ भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और जलभराव का बढ़ा जोखिम
शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम बेहद खराब रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में 18 से 22 जुलाई तक भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में सबसे ज्यादा मौसमीय गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, मलबा गिरने और जलभराव की घटनाओं का खतरा काफी बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं कुल्लू में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
19 जुलाई को कांगड़ा, शिमला और मंडी में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा हमीरपुर, चंबा, कुल्लू और सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर और सोलन में भी मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
20 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में स्थिति ज्यादा गंभीर रह सकती है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला और कुल्लू में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश होने की संभावना है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को सबसे अधिक खतरा रहने की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। वहीं हमीरपुर, शिमला और सोलन में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
22 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा चंबा, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के चलते संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने, नालों और खड्डों में जलस्तर बढ़ने तथा निचले इलाकों में जलभराव की घटनाएं सामने आ सकती हैं।
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों तथा पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, 20 और 21 जुलाई को प्रदेश में सबसे अधिक मौसमीय गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है, इसलिए लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है।
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
आज कोई लाइव अपडेट्स उपलब्ध नहीं हैं।