पानीपत में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने महिला पर लगाए जहर देने के आरोप

पानीपत के नूरवाला कॉलोनी में 24 वर्षीय युवक शुभम की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने एक महिला पर मानसिक प्रताड़ना और जहर देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पानीपत में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने महिला पर लगाए जहर देने के आरोप

■ पानीपत में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत
■ परिजनों ने 3 बच्चों की मां पर लगाए गंभीर आरोप
■ पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू की

पानीपत में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने महिला पर लगाए जहर देने के आरोप

पानीपत की नूरवाला कॉलोनी में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान शुभम के रूप में हुई है। युवक की मौत जहरीला पदार्थ निगलने से हुई बताई जा रही है। हालांकि, परिजनों ने इसे सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों के मुताबिक, शुभम पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक तनाव में था। उनका आरोप है कि एक महिला, जो तीन बच्चों की मां है, लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। परिवार का दावा है कि इसी प्रताड़ना के कारण शुभम ने यह कदम उठाया या फिर महिला ने उसे कोई जहरीला पदार्थ पिला दिया।

परिजनों का हंगामा...

मृतक के परिजनों ने सिविल अस्पताल पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिवार का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस को दी लिखित शिकायत...

शुभम की मौत के बाद परिजनों ने तहसील कैंप थाना पुलिस को नामजद शिकायत दी है। शिकायत में आरोपी महिला की गिरफ्तारी की मांग की गई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किस प्रकार के जहर से हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।