कुरुक्षेत्र की भाखड़ा नहर में मिला 17 वर्षीय किशोर का शव, 4 दिन से था लापता
अंबाला के 17 वर्षीय किशोर अभीजोत का शव चार दिन बाद कुरुक्षेत्र की भाखड़ा नहर से बरामद हुआ है। पिता ने बेटे के दोस्तों पर हत्या का शक जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
■ अंबाला का 17 वर्षीय किशोर 15 जुलाई से लापता था
■ कुरुक्षेत्र की भाखड़ा नहर से बरामद हुआ शव
■ पिता ने दोस्तों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जिले के दबखेड़े गांव के पास नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर से एक 17 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान अंबाला जिले के नई निहारसी निवासी अभीजोत के रूप में हुई है। वह पिछले चार दिनों से लापता था।
परिवार के मुताबिक, अभीजोत 15 जुलाई की दोपहर अपने घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब नहर से शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
15 जुलाई को दोस्तों के साथ निकला था घर से
मृतक के पिता निर्मल सिंह ने बताया कि उनका बेटा 15 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे बाइक लेकर घर से निकला था। उस दिन उसने काले रंग की टी-शर्ट और कैपरी पहन रखी थी। दोपहर करीब साढ़े 3 बजे उनकी बेटे से मोबाइल पर आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।
परिवार ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
7 किलोमीटर दूर जंगल में मिली बाइक
तलाश के दौरान परिजनों को अभीजोत की बाइक नहर से करीब 7 किलोमीटर दूर जंगल में लावारिस हालत में मिली। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। अगले दिन अंबाला के नग्गल थाना क्षेत्र की नन्यौला पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
गोताखोर ने बाहर निकाला शव
शनिवार सुबह दबखेड़े गांव के पास नहर में एक शव बहने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंचे गोताखोर प्रगट सिंह ने शव को नहर से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिवार ने शव की पहचान अभीजोत के रूप में की। बेटे का शव देखते ही पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिवार का आरोप- दोस्तों ने की हत्या
मृतक के पिता निर्मल सिंह ने आरोप लगाया कि उनका बेटा कुछ दोस्तों के साथ जनसूई हेड गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। उन्होंने आशंका जताई कि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी हुई है या फिर दोस्तों ने उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्हें बेटे के दोस्तों पर पूरा शक है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जाएगी और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja