स्कूल बस और कैंटर की टक्कर, 20 बच्चे थे सवार, मची चीखोपुकार
रेवाड़ी के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्कूल बस और कैंटर की टक्कर में दो ड्राइवर घायल हो गए। बस में सवार 20 बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं।
रेवाड़ी में स्कूल बस और कैंटर की जोरदार टक्कर
बस में 20 बच्चे सवार थे, सभी सुरक्षित बताए गए
हादसे में बस और कैंटर ड्राइवर घायल, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के रेवाड़ी में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित मसानी बैराज के पास स्कूल बस और आयशर कैंटर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय स्कूल बस में करीब 20 बच्चे सवार थे, जो राजस्थान से दिल्ली-गुरुग्राम टूर पर जा रहे थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि स्कूल बस डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने मदद के लिए दौड़ लगाई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बस में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हादसे में स्कूल बस चालक और कैंटर ड्राइवर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों चालकों को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के बहरोड़ स्थित राठ इंटरनेशनल स्कूल के छात्र स्कूल बस में सवार होकर दिल्ली और गुरुग्राम टूर पर जा रहे थे। इसी दौरान खलियावास के पास मसानी बैराज क्षेत्र में यह हादसा हो गया।
सूचना मिलने के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
धारूहेड़ा थाना प्रभारी कश्मीरी लाल ने बताया कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। हादसे के बाद कैंटर पलट गया था और बस डिवाइडर पर चढ़ गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Akhil Mahajan