खाटू श्याम दर्शन को जा रहे दोस्तों मौत, ट्रक ने मारी टक्‍कर

रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रॉन्ग साइड से आए ट्रक की टक्कर से खाटू श्याम दर्शन को जा रहे दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य गंभीर घायल हुए हैं।

खाटू श्याम दर्शन को जा रहे दोस्तों मौत, ट्रक ने मारी टक्‍कर
  • रेवाड़ी में रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने ईको कार को मारी टक्कर
  • खाटू श्याम दर्शन को जा रहे दो युवकों की मौके पर मौत
  • दो घायल, एक की हालत नाजुक, ट्रक चालक फरार


रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। ओढ़ी गांव के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की ईको कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान रेवाड़ी के गांव कालाका निवासी पवन और प्रवीण के रूप में हुई है। घायल युवकों में विक्रम और कपिल शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव कालाका के रहने वाले पवन, प्रवीण, विक्रम और उनका एक साथी रविवार रात ईको कार में सवार होकर राजस्थान स्थित खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। यात्रा शुरू होने के कुछ ही समय बाद ओढ़ी गांव के पास सामने से काल बनकर आए ट्रक ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

पवन ने हाल ही में लोन पर ईको वैन खरीदी थी, जिसे वह गांव के एक स्कूल में किराए पर चलाता था। पवन के दो बेटे हैं, जिनमें छोटे बेटे का जन्म हाल ही में हुआ था। परिवार अभी उसका कुआं पूजन भी नहीं कर पाया था, उससे पहले ही हादसे ने सब कुछ छीन लिया।

हादसे में जान गंवाने वाला प्रवीण चार बेटियों का पिता था। वह गांव में ही छोटा-मोटा काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घायल विक्रम भी कालाका गांव का ही रहने वाला है, जबकि घायल कपिल पवन का भांजा है, जो कोसली के पास स्थित नया गांव से मामा के घर आया हुआ था।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने पवन और प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। विक्रम की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बावल थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद गांव कालाका में शोक की लहर है और हर आंख नम है।