प्रियंका गांधी के बेटे ने की सगाई कन्फर्म :मंगेतर अवीवा के साथ फोटो पोस्ट की और रॉबर्ट वाड्रा बोले- बेटा जवान हो गया
प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने अवीवा बेग से सगाई की पुष्टि की। इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा कीं। रॉबर्ट वाड्रा ने बेटे के लिए खुशी जताई।
- प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने अवीवा बेग से सगाई की पुष्टि
- 29 दिसंबर 2025 को हुई सगाई, इंस्टाग्राम पर साझा की तस्वीरें
- रॉबर्ट वाड्रा बोले- बेटा जवान हो गया, जीवनसंगनी मिल गई
नई दिल्ली। वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई हो गई है। रेहान ने अपनी गर्लफ्रेंड अवीवा बेग के साथ इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीरें साझा कर इस रिश्ते की पुष्टि की। पोस्ट में बताया गया कि दोनों की सगाई 29 दिसंबर 2025 को हुई।
रेहान वाड्रा और अवीवा बेग पिछले 7 साल से रिलेशनशिप में हैं। दोनों को ही फोटोग्राफी का शौक है और सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें अक्सर चर्चा में रहती हैं। सगाई की तस्वीरों में कपल खुश नजर आया, जिसे सोशल मीडिया पर काफी बधाइयां मिल रही हैं।
रेहान के पिता रॉबर्ट वाड्रा ने भी बेटे की सगाई की तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि बेटा जवान हो गया है और उसे जीवनसंगनी मिल गई है, रेहान के जीवन में हमेशा खुशियां बनी रहें।
इससे पहले न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से रेहान की सगाई की जानकारी दी थी। इसके बाद गांधी-वाड्रा परिवार राजस्थान के रणथंभौर पहुंचा, जहां रेहान और अवीवा ने टाइगर सफारी भी की। परिवार करीब चार दिन तक रणथंभौर में रुका।
रेहान और अवीवा ने इंस्टाग्राम पर बचपन की फोटो भी पोस्ट की।
अवीवा बेग मीडिया और कम्युनिकेशन क्षेत्र से जुड़ी रही हैं। उन्होंने कंटेंट प्लेटफॉर्म PROPAGANDA में जूनियर प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में काम किया है। इसके अलावा Art Chain India में मार्केटिंग इंटर्न और I-Parliament से जुड़े The Journal की एडिटर-इन-चीफ भी रह चुकी हैं। अवीवा Atelier 11 की को-फाउंडर हैं, जो एक फोटोग्राफिक स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी है।
अवीवा एक प्रतिष्ठित दिल्ली बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता इमरान बेग बिजनेसमैन हैं, जबकि मां नंदिता बेग जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर हैं। नंदिता ने कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन का इंटीरियर डिजाइन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रियंका गांधी और नंदिता बेग पुरानी दोस्त हैं।
रेहान वाड्रा इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हो चुके हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने अपने मामा के साथ कई किलोमीटर पैदल यात्रा की थी। रेहान को वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी का खास शौक है और उनके इंस्टाग्राम पर इससे जुड़ी कई तस्वीरें मौजूद हैं।
Akhil Mahajan