अनुशासनहीनता पर राव नरेंद्र की पहली कार्रवाई, मनीषा सांगवान को कारण बताओ नोटिस

दादरी में कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे के बाद एचपीसीसी अध्यक्ष राव नरेंद्र ने मनीषा सांगवान को कारण बताओ नोटिस जारी किया। यह अनुशासनहीनता के खिलाफ राव नरेंद्र की पहली सख्त कार्रवाई मानी जा रही है।

अनुशासनहीनता पर राव नरेंद्र की पहली कार्रवाई, मनीषा सांगवान को कारण बताओ नोटिस

➤राव नरेंद्र ने अनुशासनहीनता पर दिखाई पहली सख्ती
➤मनीषा सांगवान को कारण बताओ नोटिस जारी
➤हुड्डा खेमे पर एचपीसीसी की पहली कार्रवाई



हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) के अध्यक्ष राव नरेंद्र ने पार्टी में अनुशासनहीनता पर अपनी पहली सख्त कार्रवाई करते हुए चरखी दादरी से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी मनीषा सांगवान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कदम उस घटना के बाद उठाया गया जब हाल ही में दादरी में हुए “गद्दी छोड़ कार्यक्रम” के दौरान कथित रूप से मनीषा सांगवान के समर्थकों ने पीसीसी अध्यक्ष और एआईसीसी सचिव के सामने हंगामा किया था।

राव नरेंद्र ने कहा कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अराजकता या पार्टी की छवि को नुकसान पहुँचाने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मनीषा सांगवान से 10 दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है कि आखिर उनके समर्थक इस प्रकार की हरकत में क्यों शामिल थे।

दादरी की यह घटना कांग्रेस के अंदर मचे गुटबाजी के हालात को एक बार फिर उजागर करती है। खास बात यह है कि मनीषा सांगवान को प्रदेश कांग्रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे का करीबी माना जाता है, और यह पहली बार है जब एचपीसीसी ने सीधे तौर पर किसी हुड्डा समर्थक पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई की है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राव नरेंद्र का यह कदम उनके संगठनात्मक अनुशासन और सख्त प्रशासनिक रवैये का संकेत है। यह संदेश स्पष्ट है कि प्रदेश कांग्रेस में अब किसी भी गुटबाजी या गुटीय शक्ति प्रदर्शन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संगठन सूत्रों के अनुसार, अगर मनीषा सांगवान का जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो पार्टी आगे की सख्त कार्रवाई कर सकती है, जिसमें निलंबन या प्राथमिक सदस्यता समाप्ति जैसे कदम भी शामिल हो सकते हैं।