रतिया MLA पर भड़काऊ बयान, किसान नेता ने दी खुली धमकी क्रॉस वोटिंग विवाद में गरमाया माहौल
फतेहाबाद में रतिया विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ किसान यूनियन पदाधिकारी का भड़काऊ बयान सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद यूनियन ने इसे व्यक्तिगत बयान बताया है।
■ क्रॉस वोटिंग विवाद में रतिया MLA पर भड़काऊ बयान, वीडियो वायरल
■ किसान यूनियन पदाधिकारी ने दी धमकी- मुंह काला कर गधे पर घुमाएंगे
■ यूनियन ने बयान से किया किनारा, बोली- यह व्यक्तिगत राय
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में रतिया विधानसभा से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को लेकर सियासी विवाद अब उग्र रूप लेता नजर आ रहा है। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बाद उनके खिलाफ विरोध तेज हो गया है। इसी बीच किसान यूनियन के एक पदाधिकारी का भड़काऊ बयान और वीडियो वायरल होने से मामला और गरमा गया है।
वायरल वीडियो में भारतीय किसान यूनियन खेती बचाओ के जिला महासचिव छेलूराम ढाका विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ बेहद तीखी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने खुले तौर पर धमकी देते हुए कहा कि विधायक को इलाके में घुसने नहीं दिया जाएगा और उन्हें गधे पर बैठाकर मुंह काला कर घुमाया जाएगा।
वीडियो फतेहाबाद के गांव भूथन कलां का बताया जा रहा है, जहां एक शादी समारोह के दौरान यह बयान दिया गया। करीब एक मिनट के इस वीडियो में बागड़ी भाषा में विधायक के खिलाफ अपशब्द कहे जा रहे हैं। वीडियो में गांव के सरपंच राजकुमार बैनीवाल भी नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
छेलूराम ढाका ने वीडियो में दावा किया कि चुनाव में उन्होंने विधायक को जिताने के लिए 35 करोड़ रुपये खर्च किए और अब उन्हें “धोखेबाजी” का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को इकट्ठा कर विधायक को बाहर निकालकर सजा दी जाएगी। इस बयान ने राजनीतिक और सामाजिक माहौल को और गर्मा दिया है।
हालांकि इस पूरे मामले पर किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जरनैल सिंह मलवाला ने सफाई देते हुए कहा कि यह बयान पूरी तरह व्यक्तिगत है और यूनियन का इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह का सार्वजनिक बयान देना गलत है और संगठन ऐसी भाषा का समर्थन नहीं करता।
उधर, कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह पहले ही क्रॉस वोटिंग के आरोपों को नकार चुके हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पार्टी के प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध को ही वोट दिया है और वे कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं। बावजूद इसके, पार्टी हाईकमान ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, इस पूरे विवाद के पीछे पार्टी के अंदरूनी समीकरण और हुड्डा गुट से जुड़े समीकरण भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। क्रॉस वोटिंग के बाद से हरियाणा कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान लगातार बढ़ती जा रही है।
shubham