कुरुक्षेत्र में राजनाथ बोले—भारत की शालीनता कमजोरी नहीं

कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के शुभारंभ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर सख्त संदेश देते हुए कहा कि भारत की शालीनता कमजोरी नहीं।

कुरुक्षेत्र में राजनाथ बोले—भारत की शालीनता कमजोरी नहीं

• कुरुक्षेत्र में राजनाथ सिंह बोले—भारत की शालीनता कमजोरी नहीं
• पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर दिया सख्त संदेश
• श्रीकृष्ण के धर्म रक्षा वाले उपदेश को दोहराया



कुरुक्षेत्र में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। उन्होंने सबसे पहले ब्रह्मसरोवर पर पूजन किया, इसके बाद हरियाणा पवेलियन और मध्य प्रदेश पवेलियन का अवलोकन किया। कार्यक्रम में पहुंचे राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन के दौरान पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि वह घटना आज भी हर भारतीय को विचलित करती है, जब निर्दोष यात्रियों को धर्म पूछकर मारा गया था।

कुरूक्षेत्र ब्रह्मसरोवर पर पूजन करते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अन्य।

उन्होंने कहा कि आतंकियों ने भारत की शांतिप्रियता को कमजोरी समझने की भूल की थी, लेकिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से उन्हें माकूल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत की आत्मप्रतिबद्धता और आत्मसम्मान की घोषणा था।

रक्षा मंत्री को हरियाणवी पगड़ी बांधते हुए।

रक्षा मंत्री ने श्रीकृष्ण द्वारा पांडवों को दिए संदेश को भी दोहराया कि धर्म की स्थापना के लिए युद्ध करना कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भारत किसी से लड़ाई नहीं चाहता, लेकिन यदि मजबूर किया गया तो भारत पीछे हटने वाला भी नहीं है।

कार्यक्रम में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत गीता का देश है, जहां करूणा भी है और धर्म की रक्षा का साहस भी। यदि शांति को जीवित रखना है तो शक्ति का ताप अनिवार्य है। निर्दोषों की रक्षा के लिए बलिदान की तैयारी भी जरूरी है।

कुरुक्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उन्हें हरियाणवी पगड़ी पहनाई गई। इसके साथ ही उन्होंने राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, पुरुषोत्तमपुरा बाग में मध्य प्रदेश पवेलियन और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में श्रीमद्भगवद्गीता सदन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ज्योतिसर में आयोजित बड़े समागम में शामिल होंगे, जो श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित है। लगभग डेढ़ लाख से अधिक संगत के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।