गुपचुप तरीके से हरियाणा डिनर करने पहुंचे राहुल गांधी,प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर कही बड़ी बात, जानें
कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुग्राम के डीएलएफ ग्लेरिया मार्केट स्थित कैफे में गुपचुप पहुंचे। उन्होंने युवा प्रदेशाध्यक्ष की बात कही और भाजपा पर वोट चोरी, विकास रोकने और जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
➤ पीजियो कैफे में डिनर और चर्चा
➤ हरियाणा में युवा प्रदेशाध्यक्ष देने का भरोसा
(
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अचानक गुरुग्राम का दौरा किया और डीएलएफ ग्लेरिया मार्केट स्थित पीजियो कैफे में डिनर किया। यह कार्यक्रम बेहद गुपचुप रखा गया था, यहां तक कि जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई। राहुल गांधी ने यहां पीसीसी प्रवक्ता मनीष खटाना से मुलाकात की।
मनीष खटाना के अनुसार, राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में प्रदेशाध्यक्ष की कमान युवा को सौंपी जाएगी। वे बिहार से लौटते हुए सीधे एयरपोर्ट से गुरुग्राम पहुंचे और स्थानीय मुद्दों पर लोगों से बातचीत की।
बैठक में मनीष खटाना ने कहा कि आज गुरुग्राम और हरियाणा दोनों ही भाजपा सरकार की अनदेखी के कारण विकास के मामले में पिछड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समय जिस तेजी से विकास की गाड़ी चल रही थी, भाजपा सरकार ने उसे रोक दिया। शिक्षा और रोजगार के मोर्चे पर युवा उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने चर्चा के दौरान कहा कि वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस भाजपा की संविधान विरोधी करतूतों को उजागर कर रही है। उनका कहना था कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाती है और जब खुलासे होते हैं तो हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करती है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें लोगों से उनका मतदान का अधिकार भी छीनना चाहती हैं। लेकिन कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और किसी भी संविधान विरोधी कार्य को सफल नहीं होने देगी। राहुल गांधी ने दावा किया कि जनता भाजपा के असली चेहरे को पहचान चुकी है और जनता का विश्वास भाजपा से उठ चुका है।
Akhil Mahajan