ढाई साल का घोड़ा, लेकिन कीमत करोड़ों में!
अजमेर के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में पंजाब से लाया गया घोड़ा ‘शाबाज’ आकर्षण का केंद्र बन गया है। 15 करोड़ रुपये तक कीमत लगने के बावजूद मालिक ने इसे बेचने से इनकार किया।
➤ शाबाज बना पुष्कर मेले का सितारा
➤ ढाई साल का घोड़ा, कीमत 15 करोड़ तक पहुंची
➤ पंजाब के वीर स्टड फार्म से आया शाबाज, कई शो का विजेता
अजमेर के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इस बार भी देशभर से आए बेहतरीन नस्ल के घोड़े आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा में है ‘शाबाज’, जिसे पंजाब के गैरी गिल अपने वीर स्टड फार्म से लेकर आए हैं। शाबाज केवल एक घोड़ा नहीं बल्कि कई राष्ट्रीय और स्थानीय शो का चैंपियन रह चुका है। उसकी कीमत 15 करोड़ रुपये तक लगाई जा चुकी है, लेकिन मालिक गैरी गिल ने साफ कहा कि वह फिलहाल इसे बेचने के मूड में नहीं हैं।
ढाई साल का यह शानदार घोड़ा अपने दमदार लुक, ऊंची कद-काठी और बेहतरीन ग्रूमिंग के कारण पूरे मेले का केंद्र बना हुआ है। इसकी ऊंचाई 65 इंच बताई जा रही है। शाबाज को देखने और उसके साथ फोटो खिंचवाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। गैरी गिल का कहना है कि शाबाज की देखभाल में रोजाना हजारों रुपये खर्च होते हैं और उसे स्पेशल डाइट व ट्रेनिंग दी जाती है।
पुष्कर मेला हर साल देशभर के घोड़ा प्रेमियों और ब्रीडर्स के लिए एक बड़ा मंच बनता है। इस बार राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से कई घोड़े लाए गए हैं, लेकिन शाबाज ने अपनी शानदार बनावट और ऊर्जा से सबका दिल जीत लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा घोड़ा उन्होंने वर्षों बाद देखा है, जिसने पूरे मेले को अपनी ओर खींच लिया है।
Author1