पूर्व DGP के बेटे की मौत के मामले की सीबीआई करेगी जांच, पहली FIR दर्ज, डीजीपी समेत बहन व पत्नी नाजमद
पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की रहस्यमयी मौत में केंद्र ने CBI जांच की मंजूरी दी। पत्नी, बेटी और पुत्रवधू पर हत्या-साजिश की FIR दर्ज।
-
पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा, पत्नी, बेटी और पुत्रवधू पर CBI की FIR
-
अकील अख्तर की मौत को हत्या व साजिश का रूप मिला
-
27 अगस्त के वीडियो ने खोला परिवार के रिश्तों का काला सच
पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक मोहम्मद मुस्तफा, उनकी पत्नी और पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, बेटी और पुत्रवधू पर CBI ने हत्या और आपराधिक साजिश की FIR दर्ज की है। केंद्र सरकार ने इस मामले की CBI जांच की मंजूरी दे दी है। मामला उनके बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध मौत से जुड़ा है।
16 अक्टूबर की रात पंचकूला सेक्टर-4 स्थित घर में अकील अख्तर की मौत हुई थी। परिवार ने दावा किया था कि दवाइयों की ओवरडोज से उनकी मौत हुई, लेकिन बाद में सामने आए एक वीडियो ने पूरा केस पलट दिया। वीडियो में अकील ने आरोप लगाया था कि “मेरी पत्नी की शादी मुझसे नहीं, डैड से हुई है, परिवार मुझे मारने की साजिश रच रहा है।”
इसी वीडियो को आधार बनाकर पूर्व डीजीपी के पड़ोसी शमशुद्दीन ने मनसा देवी थाने में शिकायत दी थी। पहले यह जांच पंचकूला पुलिस की SIT के पास थी, जिसने अब तक अकील के दो मोबाइल, लैपटॉप और डायरी जब्त की थी। अब यह जांच CBI को सौंप दी गई है।
मुस्तफा परिवार की पृष्ठभूमि
1985 बैच के IPS अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा पंजाब की राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वे कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते थे। जब उन्हें पंजाब पुलिस का DGP नहीं बनाया गया तो उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, हालांकि याचिका खारिज हो गई।
2021 में रिटायरमेंट के बाद मुस्तफा ने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार बने। उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना तीन बार मालेरकोटला से विधायक और कैबिनेट मंत्री भी रह चुकी हैं।
मुस्तफा की पुत्रवधू को पंजाब वक्फ बोर्ड का चेयरपर्सन बनाया गया था। यह नियुक्ति भी उस समय काफी विवादों में रही थी।
SIT की जांच में सामने आए 3 अहम पहलू
1️⃣ पटियाला नशा मुक्ति केंद्र का रिकॉर्ड: अकील के इलाज की डिटेल खंगाली गई।
2️⃣ नौकरों और सिक्योरिटी से पूछताछ: घटना वाले दिन की घटनाएं जोड़ी जा रही हैं।
3️⃣ शमशुद्दीन से पूछताछ: शिकायतकर्ता से पांच घंटे तक सवाल-जवाब हुआ।
मौत की पूरी कहानी
16 अक्टूबर की रात अकील को बेहोशी की हालत में घर में पाया गया। परिवार उन्हें सेक्टर-6 सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम पंचकूला में हुआ और फिर सहारनपुर में दफनाया गया।
अकील (35) वकील थे और हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते थे। उनकी मौत के पांच दिन बाद 27 अगस्त का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें उन्होंने परिवार पर अवैध संबंधों और हत्या की साजिश के आरोप लगाए थे।
23 अक्टूबर को हरियाणा सरकार ने केंद्र से CBI जांच की सिफारिश की थी, जिसके बाद FIR दर्ज की गई।
Author1