ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर हादसे में दो दोस्तों की मौत, तीसरा गंभीर रूप से घायल

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में नेशनल हाईवे-152 पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर हादसे में दो दोस्तों की मौत, तीसरा गंभीर रूप से घायल
  • पिहोवा में नेशनल हाईवे-152 पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर
  • हादसे में दो दोस्तों की मौत, तीसरा गंभीर रूप से घायल
  • सीएनजी सिलेंडर से लदी ट्रॉली का चालक फरार, पुलिस तलाश में


कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो युवकों की जिंदगी छीन ली। हादसा उस समय हुआ, जब तीन दोस्त बाइक पर सवार होकर भट्ट माजरा गांव लौट रहे थे।

हादसे में बाइक चला रहे गुरपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे संजीव कुमार ने इलाज के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार तीसरा युवक मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

परिजनों के अनुसार तीनों युवक मलिकपुर गांव स्थित एक मशरूम फैक्ट्री में काम करके देर रात घर लौट रहे थे। जैसे ही वे भट्ट माजरा गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तभी गलत साइड से आ रही सीएनजी सिलेंडरों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। नीचे गिरते ही गुरपाल के सिर में गंभीर चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। संजीव को सिर, छाती और पेट में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। संजीव को पहले पिहोवा के निजी अस्पताल और फिर चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर कुरुक्षेत्र लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी चालक की तलाश जारी है।