हरियाणा में दर्दनाक हादसा: आंगनबाड़ी वर्कर ने 2 बच्चों संग वाटर टैंक में कूदकर दी जान, पति पर प्रताड़ना का आरोप
फतेहाबाद के मेहुवाला गांव में आंगनबाड़ी वर्कर ने अपने दो बच्चों के साथ वाटर टैंक में कूदकर जान दे दी। भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।
➤ फतेहाबाद के मेहुवाला गांव में मां और दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत
➤ मृतका के भाई ने पति पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
➤ 12 साल पहले हुई थी लव मैरिज, पति के नशे और घरेलू कलह से परेशान थी महिला
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। भट्टू क्षेत्र के मेहुवाला गांव में आंगनबाड़ी वर्कर सुदेश (31) ने अपने 8 वर्षीय बेटे विनीत और 10 वर्षीय बेटी ज्योति के साथ घर में बने करीब 10 फीट गहरे वाटर टैंक में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना में तीनों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतका का पति संदीप कुमार नशे का आदी बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि वह अक्सर शराब पीकर पत्नी के साथ झगड़ा करता था। ग्रामीणों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद महिला मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
पड़ोसियों ने बाहर निकाला, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को वाटर टैंक से बाहर निकाला। हालांकि तब तक मां और दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। घटना के समय पति गांव से बाहर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पानी पिलाने गया हुआ था।
तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए फतेहाबाद सिविल अस्पताल भेजा गया है।
12 साल पहले की थी लव मैरिज
जानकारी के अनुसार, सुदेश और संदीप ने करीब 12 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से परिवार के कुछ सदस्य इस रिश्ते से नाराज बताए जाते हैं। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद महिला का मायके आना-जाना भी बेहद कम हो गया था।
संदीप खेतीबाड़ी करता है और परिवार गांव से कुछ दूरी पर बनी ढाणी में रहता था।
आज ही भरा गया था वाटर टैंक
घर में पानी संग्रह के लिए बनाया गया वाटर टैंक करीब 10 फीट गहरा है। गुरुवार को ही पानी की सप्लाई आने के कारण टैंक पूरी तरह भरा गया था। इसी वजह से महिला और दोनों बच्चे उसमें डूब गए।
भाई की शिकायत पर केस दर्ज
मृतका के भाई प्रवीण कुमार ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसका जीजा संदीप लगातार उसकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
भट्टू थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
SHO ने क्या कहा
भट्टू थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मृतका के भाई के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan