चरखी दादरी गोली*कांड: रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी का दावा, ताबड़तोड़ फायरिंग में 2 की मौत
चरखी दादरी में स्कॉर्पियो पर दिनदहाड़े फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई। सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, जबकि पुलिस वायरल पोस्ट और ऑडियो की जांच कर रही है।
➤ चरखी दादरी में स्कॉर्पियो पर 10 से 15 राउंड फायरिंग, 2 लोगों की इलाज के दौरान मौत
➤ सोशल मीडिया पोस्ट और कथित ऑडियो में रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी का दावा
➤ पुलिस बोली- वायरल दावे की पुष्टि नहीं, हर एंगल से जांच जारी
हरियाणा के चरखी दादरी में दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। स्कॉर्पियो सवार लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाने की इस वारदात में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और कथित ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें रोहित गोदारा गैंग की ओर से इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और वायरल पोस्ट व ऑडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।
थाने के पास दिनदहाड़े बरसी गोलियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब स्कॉर्पियो में सवार सात लोग स्थानीय अदालत में एक मामले की सुनवाई के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान तीन हथियारबंद हमलावरों ने वाहन को घेर लिया और 10 से 15 राउंड फायरिंग कर दी। हमले में सभी सात लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
स्कॉर्पियो पर कई स्थानों पर गोलियों के निशान मिले हैं, जिससे हमले की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वायरल ऑडियो में क्या दावा?
घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हुए। ऑडियो में खुद को नवीन बॉक्सर बताने वाला व्यक्ति दावा करता है कि चरखी दादरी में हुई फायरिंग उसी ने करवाई और इसकी जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग लेता है।
ऑडियो में यह भी कहा गया कि हमला कथित रूप से अनिल फतेहगढ़ी को निशाना बनाकर किया गया था, जिसमें उसके दो साथियों की मौत हुई। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
चरखी दादरी के डीएसपी (मुख्यालय) धीरज कुमार ने बताया कि दोपहर के समय तीन हमलावरों ने वाहन को निशाना बनाकर फायरिंग की। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को रोहतक PGIMS रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला गैंगवार से जुड़ा है या किसी पुरानी रंजिश का परिणाम। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पहले भी सामने आ चुका है नाम
गौरतलब है कि रोहित गोदारा गैंग का नाम पहले भी कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। कुछ महीने पहले कनाडा के ब्रैम्पटन में हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए लेने का दावा किया था।
Akhil Mahajan