हरियाणा में बारिश का कहर: 6 जिलों में बरसे बादल, मकान गिरा, महिला की मौत; गुरुग्राम में स्कूल बस फंसी

हरियाणा के 6 जिलों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित। रेवाड़ी में मकान गिरा, फरीदाबाद में महिला की मौत, गुरुग्राम में स्कूल बस फंसी और 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी।

हरियाणा में बारिश का कहर: 6 जिलों में बरसे बादल, मकान गिरा, महिला की मौत; गुरुग्राम में स्कूल बस फंसी

रेवाड़ी में बारिश से मकान गिरा, मां-बेटा मलबे में दबे, दोनों घायल
फरीदाबाद में छज्जा गिरने से महिला की मौत, गुरुग्राम में जलभराव से स्कूल बस फंसी
14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित


हरियाणा में गुरुवार को हुई बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत और रेवाड़ी समेत कई जिलों में तेज बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे ज्यादा असर रेवाड़ी और गुरुग्राम में देखने को मिला, जहां मकान गिरने, सड़कें डूबने और ट्रैफिक जाम जैसी घटनाएं सामने आईं।

रेवाड़ी के कोहरड़ गांव में लगातार बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद ज्योति (28) और उनका 7 वर्षीय बेटा मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। मकान गिरने से पड़ोसी के घर की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

फरीदाबाद में महिला की मौत

फरीदाबाद में बारिश के दौरान एक मकान के छज्जे पर लगी लोहे की ग्रिल टूट गई। ग्रिल का सहारा लेने से एक महिला नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गुरुग्राम में स्कूल बस फंसी, वर्क फ्रॉम होम की सलाह

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। सेक्टर-55 में एक स्कूल बस जलभराव में फंस गई, जबकि मानेसर के पास नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हालात को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की एडवाइजरी जारी की।

नूंह के स्कूल में भरा 4 फीट पानी

नूंह जिले के पीएम श्री स्कूल, साकरस गांव में बारिश का पानी भर गया। स्कूल परिसर में तीन से चार फीट तक पानी जमा हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर बारिश में स्कूल का यही हाल हो जाता है और अब स्थायी समाधान की जरूरत है।

यमुनानगर में टूटा तटबंध, खेत जलमग्न

यमुनानगर में पथराला नदी का तटबंध टूटने से आसपास के कई गांवों के खेतों में पानी भर गया। रायपुर, तरुवाला, बलौली, याकूबपुर और ऊर्जनी समेत कई गांवों की सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई। नदी में जलप्रवाह सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

यमुना का जलस्तर बढ़ा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज पर पानी का बहाव तेजी से बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने पर बैराज के 18 में से 15 गेट खोलकर हजारों क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया।

14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने फतेहाबाद, हिसार, हांसी, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।