हरियाणा की मेघा चौधरी करेगी भारत का प्रतिनिधित्व, 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए टीम इंडिया में चयन

रोहतक की बहू मेघा चौधरी का 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। वह छठी बार एशियन स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

हरियाणा की मेघा चौधरी करेगी भारत का प्रतिनिधित्व, 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए टीम इंडिया में चयन

➤ हांगकांग में होने वाली 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
रोहतक की बहू मेघा चौधरी का छठी बार एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन
बॉक्सिंग छोड़कर नेटबॉल में वापसी की, अब नौवीं बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगी दम


हरियाणा के लिए गर्व की खबर है। रोहतक की बहू और गाजियाबाद की बेटी मेघा चौधरी का चयन 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। 8 अगस्त से हांगकांग (चीन) में शुरू होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मेघा एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। खास बात यह है कि यह छठी बार होगा जब वह एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में भारत के लिए खेलेंगी।

भारतीय टीम के चयन के लिए खानपुर में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में 21 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से अंतिम 12 खिलाड़ियों को भारतीय टीम में जगह मिली। शानदार प्रदर्शन के दम पर मेघा चौधरी ने एक बार फिर अपनी जगह पक्की की।

हरियाणा से चार खिलाड़ियों का चयन

इस बार एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए हरियाणा से चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें रोहतक की मेघा चौधरी भी शामिल हैं। इससे पहले वह पांच बार एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और अब छठी बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए उतरेंगी।

2007 में शुरू किया था नेटबॉल का सफर

मेघा चौधरी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2007 में नेटबॉल खेलना शुरू किया था। उनके परिवार में उनसे पहले कोई भी खेलों से जुड़ा नहीं था। वर्ष 2010 में भारत में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए महिला नेटबॉल टीम के चयन शिविर में उनकी लंबाई और प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मौका मिला। शानदार प्रदर्शन के बाद उनका चयन भारतीय टीम में हुआ और यहीं से उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत हुई।

नेटबॉल छोड़ा, फिर बॉक्सिंग अपनाई

कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद नेटबॉल की सुविधाओं की कमी के कारण मेघा ने कुछ समय के लिए खेल बदल दिया। उन्होंने भिवानी में रहकर बॉक्सिंग का प्रशिक्षण लिया और वर्ष 2018 तक इस खेल में भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। हालांकि नेटबॉल के प्रति उनका लगाव कभी कम नहीं हुआ।

शादी के बाद फिर नेटबॉल में वापसी

वर्ष 2018 में रोहतक निवासी अमन दहिया से विवाह के बाद उन्होंने दोबारा नेटबॉल को अपना मुख्य खेल बनाया। वापसी के बाद उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और अब तक 9 बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

मेघा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति और पूरे परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि हर बार भारत की जर्सी पहनना उनके लिए गर्व का पल होता है और इस बार भी उनका प्रयास रहेगा कि टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करें।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि नेटबॉल जैसे खेलों को भी अन्य खेलों की तरह सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले तो देश की अनेक बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीत सकती हैं।