हिसार में कांवड़ियों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, पति-पत्नी और 12 वर्षीय बेटी को लगी गोली; MLA सावित्री जिंदल के अस्पताल के पास मची दहशत

हिसार में कांवड़ियों की भीड़ पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पति, पत्नी और 12 वर्षीय बेटी घायल हुए। पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान कर जांच तेज कर दी है।

हिसार में कांवड़ियों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, पति-पत्नी और 12 वर्षीय बेटी को लगी गोली; MLA सावित्री जिंदल के अस्पताल के पास मची दहशत

हिसार में कांवड़ियों की भीड़ के बीच 5-6 बदमाशों ने करीब 6 राउंड फायरिंग की
पति, पत्नी और 12 वर्षीय बेटी गोली लगने से घायल, तीनों की हालत खतरे से बाहर
पुलिस ने दो संदिग्ध बदमाशों की पहचान का दावा किया, CCTV फुटेज खंगाली जा रही


हरियाणा के हिसार में बुधवार देर रात कांवड़ियों की भीड़ के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। विधायक सावित्री जिंदल के अस्पताल के पास स्थित दयानंद कॉलोनी में तिकोना पार्क और शिव मंदिर के निकट दो बाइकों पर सवार होकर आए 5 से 6 बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पति, पत्नी और उनकी 12 वर्षीय बेटी गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और कांवड़िए जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

जिंदल अस्पताल में भर्ती गोविंद। जिनकी पीठ में गोली लगी।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को पास स्थित जिंदल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती गोविंद (36), उनकी पत्नी निशा (30) और बेटी बीरा उर्फ गुन्नू (12) का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

भांजे को छोड़ने आया था परिवार, तभी बरसने लगीं गोलियां

पुलिस के अनुसार बुधवार रात शिव मंदिर के पास बड़ी संख्या में कांवड़िए दर्शन कर आगे की यात्रा पर निकल रहे थे। इसी दौरान दयानंद कॉलोनी निवासी गोविंद अपनी पत्नी और बेटी के साथ अपने भांजे को छोड़ने वहां पहुंचे थे, क्योंकि उनका भांजा भी कांवड़ लेने जा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

फायरिंग में गोविंद की पीठ, निशा की बाजू और 12 वर्षीय बीरा के कंधे और छाती के पास गोली लगी। घटना के बाद हमलावर आईटीआई चौक की तरफ फरार हो गए।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, पार्षद भी पहुंचे

फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायल परिवार को तत्काल जिंदल अस्पताल पहुंचाया। कुछ ही देर बाद पार्षद जगमोहन मित्तल भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि गोविंद जिंदल फैक्ट्री में कार्यरत हैं और घटना की जानकारी विधायक सावित्री जिंदल को भी दे दी गई है।

गोविंद के भाई गौतम ने बताया कि निशा के हाथ में लगी गोली बाजू को आर-पार कर गई, जबकि बेटी और गोविंद का भी उपचार चल रहा है। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों ने तीनों को खतरे से बाहर बताया है।

पुलिस बोली- CCTV फुटेज खंगाली जा रही

अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दो संदिग्ध बदमाशों की पहचान राहुल और मुकेश के रूप में की गई है। दोनों के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। हालांकि फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।