पेट्रोल पंप पर धावा, कैश लूटा... जाते-जाते टंकी भी फुल करा फुर्र हुए बदमाश! 7 नकाबपोशों ने पूर्व सरपंच के पेट्रोल पंप को बनाया निशाना

पानीपत में पूर्व सरपंच के पेट्रोल पंप पर सात नकाबपोश बदमाशों ने सेल्समैन को बंधक बनाकर सवा लाख रुपए लूट लिए। वारदात के बाद अपनी कार की टंकी फुल कर फरार हो गए।

पेट्रोल पंप पर धावा, कैश लूटा... जाते-जाते टंकी भी फुल करा फुर्र हुए बदमाश! 7 नकाबपोशों ने पूर्व सरपंच के पेट्रोल पंप को बनाया निशाना

7 नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर पेट्रोल पंप पर डाली डकैती

सेल्समैन को बंधक बनाकर पिस्तौल की बटों से पीटा, सवा लाख रुपए लूटे

फरार होने से पहले पंप से अपनी कार की टंकी भी फुल कराकर निकले बदमाश


हरियाणा के पानीपत जिले में पूर्व सरपंच के पेट्रोल पंप पर देर रात सात नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश कार में सवार होकर पहुंचे और सबसे पहले वहां मौजूद सेल्समैन को बंधक बना लिया। विरोध करने पर उसका आईफोन तोड़ दिया और पिस्तौल की बटों से हमला कर दिया।

इसके बाद बदमाश सेल्समैन को जबरन पेट्रोल पंप के ऑफिस में ले गए। वहां पहुंचकर उन्होंने सीसीटीवी कैमरों का रुख बदल दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद गल्ले में रखी करीब 1.25 लाख रुपए की नकदी लूट ली।

हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बिना किसी डर के पेट्रोल पंप से ही अपनी कार की टंकी फुल कराकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद घायल सेल्समैन ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

घटना का एक और चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जिस समय बदमाश पेट्रोल पंप पर लूटपाट कर रहे थे, उसी दौरान पेट्रोल पंप का मालिक पीछे के कमरे में सो रहा था और उसे पूरी वारदात की भनक तक नहीं लगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।