एवीएटर गेम में लाखों हारने के बाद कर्ज में डूबे पानीपत के युवक ने उठाया खौफनाक कदम, तीन साल पहले हुई थी शादी
पानीपत में एवीएटर ऑनलाइन गेम की लत से युवक ने आत्महत्या कर ली। लाखों रुपए हारने के बाद वह कर्ज में डूब गया था। तीन साल पहले शादी हुई थी।
-
-
ऑनलाइन एवीएटर गेम की लत से युवक ने की आत्महत्या
-
लाखों रुपए हारने के बाद कर्ज में डूबा था मृतक
-
तीन साल पहले हुई थी शादी, एक छोटा बच्चा भी है
हरियाणा की औद्योगिक नगरी पानीपत में ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। थाना सेक्टर-29 क्षेत्र के विकास नगर में रहने वाले एक युवक ने एवीएटर गेम में लगातार पैसे हारने और कर्ज के दबाव के चलते आत्महत्या कर ली। युवक ने अपने ही कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।घटना के समय युवक कमरे में अकेला था। पत्नी ने जब दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला तो उसने खिड़की से झांक कर देखा। अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गई। दुपट्टे से पंखे पर लटका शव देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान राजेश कुमार के बेटे अक्षय कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव कुडलान का निवासी था और विकास नगर में किराए के मकान में पत्नी और छोटे बच्चे के साथ रहता था। करीब तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
परिजनों के अनुसार अक्षय को मोबाइल गेमिंग की आदत लग गई थी। शुरुआत में छोटे दांव से एवीएटर गेम खेला और कुछ जीत भी मिली। इससे उसका भरोसा बढ़ा और उसने बड़ा निवेश शुरू कर दिया। लगातार हार के बाद नुकसान की भरपाई के लिए उसने कई जगहों से कर्ज ले लिया।
धीरे-धीरे कर्ज का बोझ बढ़ता गया और कर्जदारों का दबाव भी बनने लगा। आर्थिक तंगी, परिवार की जिम्मेदारियां और लगातार हो रही हार ने उसे मानसिक तनाव में डाल दिया। इसी तनाव के चलते अक्षय ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
-
Akhil Mahajan