पानीपत में 19 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर दी जा*न, शादी वाले घर में पसरा मा*तम

पानीपत के आर्य नगर में 19 वर्षीय युवती की फंदे से मौत हो गई। परिवार के अनुसार मां की डांट के बाद वह परेशान थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पानीपत में 19 वर्षीय युवती ने घर में फंदा लगाकर जान दी

11 दिन पहले बड़ी बहन की शादी हुई थी, घर में खुशी का माहौल था

मां की डांट और काम पर चलने की बात के बाद उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस जांच में जुटी

पानीपत के सनौली रोड स्थित आर्य नगर में एक 19 वर्षीय युवती ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार खुशबू ने सातवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद करीब पांच वर्ष पहले स्कूल छोड़ दिया था। इसके बाद वह घर पर ही रहती थी और उर्दू की तालीम ले रही थी। वह छह भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थी।

परिवार ने बताया कि महज 11 दिन पहले ही खुशबू की बड़ी बहन की शादी हुई थी। शादी के कारण घर में अभी भी खुशी का माहौल था और कई रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। ऐसे में इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के अनुसार खुशबू के पिता इसराइल और मां शबनम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। माता-पिता के काम पर जाने के बाद घर में अक्सर खुशबू और उसके छोटे भाई-बहनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी हो जाती थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार को भी भाई-बहनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जब मां काम से वापस घर लौटी तो उसने इस बात को लेकर खुशबू को डांट दिया। परिजनों के मुताबिक मां ने उसे कहा कि अब वह घर पर खाली नहीं बैठेगी और आगे से उसके साथ काम पर भी जाएगी।

इसके बाद खुशबू काफी परेशान दिखाई दी। रात के समय जब परिवार के अन्य सदस्य अपने कामों में व्यस्त थे, तब उसने घर के अंदर फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम का माहौल बना हुआ है।